मुख्यमंत्री की फटकार के बाद दोनों विधायकों में खत्म हुई जुबानी जंग, आपस में गले मिलते आए नजर

punjabkesari.in Friday, Apr 19, 2019 - 12:09 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड में भाजपा सरकार के 2 विधायकों कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और देशराज कर्णवाल के बीच कई दिनों से चल रहे जुबानी जंग का गुरुवार को खात्मा हो गया। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत की फटकार और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट की ओर से दोनों विधायकों को अनुशासनहीनता के बारे में नोटिस थमाए जाने के बाद मुख्यमंत्री निवास में दोनों विधायक एक साथ नजर आए।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने गुरुवार को दोनों विधायकों को राजधानी देहरादून में तलब कर फटकार लगाई, जिसके बाद दोनों विधायक आपस में गले मिलते नजर आए। इसके साथ ही दोनों विधायकों ने कहा कि वह एक दूसरे पर किसी भी तरह से कोई आरोप प्रत्यारोप नहीं करेंगे और मिल-जुलकर पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री की कड़ी फटकार के बाद तथा संगठन की ओर से शिकंजा कसे जाने के बाद फिलहाल मामले का खात्मा हो गया है। हालांकि विधायक चैंपियन कई बार ऐसी हरकत कर चुके है। जिससे उनकी पार्टी को काफी असहज स्थिति का सामना करना पड़ा है। उनके इन कारनामों के कारण उनके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज हो चुकी है।

गौरतलब है कि हरिद्वार की खानपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपिंयन और झबरेड़ा के भाजपा विधायक देशराज कर्णवाल के बीच काफी दिनों से जुबानी जंग चल रही थी। दोनों विधायक एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाने के साथ ही गुंडई पर उतर आए थे और एक दूसरे को जान से मारने की धमकी देेने लगे थे। कई दिनों तक मीडिया में छाए रहे दोनों विधायकों के बयानों से सरकार और पार्टी की काफी किरकिरी हो रही थी। जिसके बाद पार्टी प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने दोनों विधायकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी देकर जवाब तलब किया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static