रिलीज होने से पहले विवादों में घिरी फिल्म ''एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर'', कांगेस-BJP में जुबानी जंग शुरू

punjabkesari.in Tuesday, Jan 01, 2019 - 11:45 AM (IST)

देहरादूनः संजय बारू की लिखी किताब पर बनी फिल्म 'एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' रिलीज होने से पहले ही विवादों में घिर गई है। फिल्म के टीजर को लेकर ही कांग्रेस और भाजपा में जुबानी जंग तेज हो गई है। 

नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा पर बोला हमला 
जानकारी के अनुसार, जवाहर लाल नेहरू के बाद सबसे अधिक प्रधानमंत्री पद पर रहने वाले मनमोहन सिंह पर बनी इस फिल्म पर विवाद होना निश्चित ही लग रहा था। कांग्रेस इस फिल्म को लेकर भाजपा पर आरोप लगा रही है। उनका कहना है कि इस फिल्म में सभी किरदार भाजपा के लोग ही कर रहे हैं। वहीं नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता इंदिरा हृदयेश ने कहा कि जो व्यक्ति 10 साल तक देश का प्रधानमंत्री रहा हो यह उनका अपमान है और जनता इस तरह के हल्के और औछे हमले स्वीकार नहीं करेगी। 

भाजपा ने किया पलटवार 
वहीं भाजपा इस फिल्म को लेकर काफी खुश दिखाई दे रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि इस फिल्म से कांग्रेस की पोल खुल गई है कि कैसे कांग्रेस के नेता तात्कालिक प्रधानमंत्री से दबाव में काम करवाते थे। इसके साथ ही क्याउनके कश्मीर के बारे में क्या विचार थे। वहीं भाजपा ने चुटकी लेते हुए कहा कि सबको यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए।

Nitika