कैलाश मानसरोवर यात्रा का पहला जत्था पहुंचा देवभूमि, KMVN ने यात्रियों का किया भव्य स्वागत

punjabkesari.in Thursday, Jun 13, 2019 - 03:42 PM (IST)

नैनीतालः देश की ऐतिहासिक कैलाश मानसरोवर यात्रा का बुधवार को आगाज हो गया है। इसके साथ ही यात्रा का पहला जत्था दिल्ली से रवाना होकर देवभूमि उत्तराखंड पहुंच गया है। देवभूमि में कैलाश यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। यात्रियों में इस दौरान बेहद उत्साह देखने को मिला। 

पहले दल में कुल 58 श्रद्धालु करेंगे दर्शन
जानकारी के अनुसार, पहले दल में कुल 58 श्रद्धालु कैलाश दर्शन के लिए जा रहे हैं। इनमें 50 पुरूष एवं 9 महिला श्रद्धालु हैं। सबसे अधिक 15 श्रद्धालु गुजरात से हैं। इसके बाद दूसरा नम्बर दिल्ली का है। दिल्ली के 10 श्रद्धालु पहले दल में शामिल हैं। खास बात यह है कि इस दल में उत्तराखंड के भी 5 श्रद्धालु कैलाश के दर्शन के लिए जा रहे हैं। इनके अतिरिक्त चंडीगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के श्रद्धालु हैं। बाबा के दर्शन करने वालों में युवा और वरिष्ठ श्रद्धालु भी पीछे नहीं हैं। 60 साल या उससे अधिक उम्र के 12 श्रद्धालु इस दुर्गम यात्रा पर रवाना हो रहे हैं। 

केएमवीएन ने यात्रियों का किया भव्य स्वागत 
पहला जत्था आज दिल्ली से रवाना हुआ। बुधवार को विदेश मंत्रालय की ओर से पहले जत्थे के यात्रियों को यात्रा से जुड़ी सभी जानकारियां प्रदान की गई। विदेश मंत्रालय की ओर से आज यात्रा की विधिवत् तरीके से शुरुआत की गई और यात्रियों को कैलाश के लिए रवाना किया गया। यात्री निर्धारित समय से काफी विलंब से उत्तराखंड के काठगोदाम पहुंचे। काठगोदाम में यात्रा को संचालित करने वाली एजेंसी केएमवीएन (कुमाऊं मंडल विकास निगम) की ओर से यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। 

यात्रियों में दिखा गजब का उत्साह 
वहीं नोडल अधिकारी जीएस मनराल ने बताया कि निगम के पर्यटक आवास गृह में सभी श्रद्धालुओं का कुमाऊंनी रीति रिवाज और परंपरागत तरीके से भव्य स्वागत किया गया। निगम की उपाध्यक्ष रेनू अधिकारी और निगम के प्रबंध निदेशक, नैनीताल के मुख्य विकास अधिकारी ने यात्रियों के स्वागत किया। इस दौरान यात्रियों में भी गजब का उत्साह देखने को मिला। बम बम भोले की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके बाद दिन का खाना खाने के बाद यात्री अपने पहले पड़ाव अल्मोड़ा के लिये रवाना हो गए। 

8 सितंबर तक चलेगी कैलाश यात्रा 
मनराल ने बताया कि यात्री गुरुवार को धारचूला पड़ाव के लिए प्रस्थान करेंगे। इस बार यात्रा की खासियत यह है कि पूरी यात्रा पैदल रास्ते से संचालित होगी। यात्री धारचूला से आगे नजंग तक वाहन से यात्रा करेंगे और उसके बाद पूरी यात्रा पैदल संचालित होगी। यात्री धारचूला के बाद पहले पैदल पड़ाव बूदी के लिए रवाना होंगे। यहां रात रुकने के बाद अगले दिन यात्री अगले पड़ाव गूंजी पहुंचेंगे। गूंजी में यात्री 2 दिन विश्राम करेंगे और यात्रियों की मेडिकल जांच की जाएगी। यात्री गूंजी से कुछ दूरी पर नाबी में होम स्टे योजना का भी लाभ लेंगे। यात्रा सितंबर 8 तक संचालित होगी। अंतिम दल 8 सितंबर को दिल्ली पहुंचेगा।
 

Nitika