पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नदियों व झीलों में जल्द शुरू होगी Fish Angling

punjabkesari.in Sunday, Jul 24, 2022 - 04:33 PM (IST)

 

नैनीतालः पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नैनीताल जिले में झीलों व नदियों में जल्द मत्स्य आखेट (फिश एंगलिंग) खेल को प्रारंभ किया जाएगा। वहीं नैनीताल के जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने यह जानकारी दी।

गर्ब्याल नैनीताल झील में महाशीर संरक्षण एवं संवर्धन के तहत शनिवार को चलाए गए अभियान के दौरान बोल रहे थे। उन्होंने इस मौके पर मात्यसिकी विभाग के सहयोग से नैनी झील में मछली की महाशीर प्रजाति की लगभग 10 हज़ार अंगुलियां प्रवाहित कीं। उन्होंने आगे कहा कि नैनी झील के पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने तथा महाशीर के संरक्षण व संवर्धन के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों की सलाह पर चरणबद्व रूप से अन्य झीलों में भी महाशीर मछलियों को डाला जाएगा।

वहीं भीमताल शीतजल मात्स्यिकी अनुसंधान के निदेशक पीके पाण्डे ने बताया कि यह कार्यक्रम लद्दाख से अरुणाचल प्रदेश तक चलाया जा रहा है, इसका मुख्य उद्देश्य महाशीर मछलियों को बढ़ावा देना है।
 

Content Writer

Nitika