भोजन थाल सेवा संस्था की नई पहल, 5 रुपए में प्रतिदिन 1000 लोगों को भरपेट खिलाते हैं खाना

punjabkesari.in Sunday, Oct 28, 2018 - 06:07 PM (IST)

हल्द्वानीः आज के इस दौर में महंगाई चरम पर है। महंगाई के इस दौर में 5 रुपए का भरपेट भोजन मिलना असंभव सा लगता है लेकिन हल्द्वानी की थाल सेवा नाम की एक संस्था ने इसे संभव कर दिखाया है। गरीब और जरूरतमंद लोगों को 5 रुपए में भरपेट भोजन थाल सेवा नाम की संस्था के द्वारा उपलब्ध करवाया जा रहा है। 

5 रुपए का टोकन लेकर लोग भरपेट खाते हैं भोजन 
जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी जिले में सुशीला तिवारी अस्पताल के पास थाल सेवा का शुभारंभ हुआ है। इसके द्वारा 5 रुपए का टोकन लेकर लोग भरपेट भोजन खाते हैं। यह थाल सेवा ना केवल गरीब जरुरतमंदों के काम आ रही है बल्कि कुमाऊं के सबसे बड़े सुशीला तिवारी अस्पताल में दूर-दराज से आने वाले हजारों गरीबों का भी भला कर रही हैं। गरीब लोगों को 5 रुपए में भरपेट भोजन मिलना किसी वरदान से कम नहीं है। गरीब और जरूरतमंद लोग यहां पर 5 रुपए में भोजन खाकर इस संस्था को दुआएं दे रहे हैं। 

प्रतिदिन 1000 लोगों को भरपेट मिलता है भोजन 
हल्द्वानी के समाजसेवियों के द्वारा थाल सेवा संस्था का गठन किया है जोकि हल्द्वानी के ही लोगों की मदद से सहयोग प्राप्त कर गरीब और निर्धन लोगों के लिए भरपेट भोजन की व्यवस्था में जुटे हैं। संस्था के लोगों का उद्देश्य है कि किसी भूखे को भरपेट भोजन मिलने से बड़ा पुण्य का काम नहीं हो सकता। समाज के प्रति संवेदनशील लोगों ने उनकी संस्था की आकर मदद की है। इसकी वजह से प्रतिदिन 1000 लोगों को भरपेट भोजन मिल पा रहा है । 

भूखे को भरपेट भोजन देना सभी धर्मों में प्राथमिक 
बता दें कि हल्द्वानी में शुरू हुई थाल सेवा संस्था से अन्य शहर के सामाजिक लोगों को भी एक सीख मिलती है कि गरीबों की मदद का यह भी एक नया तरीका है। इसके साथ ही भूखे को भरपेट भोजन देना सभी धर्मों में सबसे प्राथमिक बताया गया है। इस तरह की थाल सेवा उत्तराखंड के साथ-साथ अन्य राज्यों के समाजसेवियों को करनी चाहिए ताकि गरीब और जरूरतमंद लोग भूखे ना सो सकें।

Nitika