यूपी और उत्तराखंड के पूर्व CM एनडी तिवारी का निधन, जन्मदिन पर ली आखिरी सांस

punjabkesari.in Thursday, Oct 18, 2018 - 07:41 PM (IST)

देहरादूनः  उत्तराखंड के पूर्व सीएम एनडी तिवारी का 93 साल की उम्र में गुरुवार को निधन हो गया। बता दें कि वह काफी वक्त से बीमार चल रहे थे। दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उन्होंने अपने जन्मदिन पर ही आखिरी सांस ली।

एनडी तिवारी के निधन की खबर सुनते ही उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई है। उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ट्वीट कर लिखा है कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री पं. नारायण दत्त तिवारी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करता हूं। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति व परिजनों को दुःख सहने की प्रार्थना करता हूं। 
 



पहले ऐसे राजनीतिज्ञ जो दो राज्यों में बने CM
18 अक्टूबर, 1925 को नैनीताल जिले के बलोती गांव में जन्मे एनडी तिवारी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और आंध्र प्रदेश के राज्यपाल भी रहें। उन्होंने केंद्रीय मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं। उनके परिवार में उनकी पत्नी उज्ज्वला तिवारी और एक पुत्र रोहित शेखर हैं। भारत छोड़ो आंदोलन में जेल जाने वाले तिवारी ने आजादी के बाद प्रजा सोशलिस्ट पार्टी से अपना राजनीति करियर शुरू किया था। वह बाद में कांग्रेस के प्रमुख नेता बने और देश के पहले ऐसे राजनीतिज्ञ हुए, जिन्हें दो राज्यों का मुख्यमंत्री होने का गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कांग्रेस से अलग होकर तिवारी कांग्रेस की भी स्थापना की थी। 


 

Deepika Rajput