मातम में बदलीं शादी की खुशियांः गहरी खाई में गिरी बारात से लौट रही कार, 4 लोगों की मौत

punjabkesari.in Saturday, Dec 03, 2022 - 05:54 PM (IST)

अल्मोड़ा/नैनीतालः उत्तराखंड के बागेश्वर में शनिवार को शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब बारात में शामिल कार दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरी। जिससे दुल्हे के निकटतम चार परिजनों की मौत हो गई जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में दुल्हा का पिता, भाभी, दीदी व भतीजा बताया जा रहा है।

दुल्हन को लेकर वापस लौट रही थी बारात
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को बागेश्वर जनपद के मटेला गांव से एक बारात पिथौरागढ़ के शेराघाट गई थी। बारात आज सुबह दुल्हन को लेकर वापस लौट रही थी। इस दौरान अल्मोड़ा के धौलछीना बखरिया जमरानी के नौगांव के पास बारात में शामिल फोर्ड फिएस्टा कार संख्या यूके 18 एच 6578 दो सौ मीटर गहरी खाई में गिर गई। बताया जा रहा है कि इस कार में दुल्हा के पिता जयंत सिंह, भाई मंगल सिंह, भाभी अनीता व दीदी सीमा के अलावा भतीजा समर, भतीजी अक्षिता व एक अन्य योगिता समेत कुल सात लोग सवार थे। जिसमें दुल्हा के पिता जयंत सिंह (65), भाभी अनीता (32), दीदी सीमा (36) व भतीजा समर की दर्दनाक मौत हो गई। बाकी तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना इतनी वीभत्स थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

परिवारों में पसरा मातम
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण व बाराती मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य चलाया। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस व आपातकालीन सेवा 108 को भी सूचना दे दी। कुछ समय बाद एसडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन बल के जवान, राजस्व पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य चलाया गया। घायलों को तत्काल अल्मोड़ा के बेस अस्पताल ले जाया गया। एसडीएम सदर गोपाल सिंह, सीओ विमल प्रसाद व दन्या के थानाध्यक्ष सुशील कुमार खुद मौके पर पहुंचे। पंचनामा भरने के साथ ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हादसे के बाद दुल्हा व दुल्हन के परिवारों में मातम पसर गया है। अल्मोड़ा पुलिस के अनुसार संभवत: दुर्घटना नींद की झपकी आने के चलते हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static