तीर्थ पुरोहितों ने बैठक कर निकाला शुभ मुहूर्त, गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट 8 और 9 नवंबर को होंगे बंद

punjabkesari.in Thursday, Oct 18, 2018 - 02:44 PM (IST)

उत्तरकाशीः उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री धाम के कपाट 8 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही यमुनोत्री धाम के कपाट अगले दिन 9 नवंबर को बंद होंगे। 

जानकारी के अनुसार, गंंगोत्री धाम में तीर्थ पुरोहितों ने बुधवार को बैठक का आयोजन किया। बैठक में तीर्थ पुरोहितों ने मंदिर के कपाट बंद करने का मुहूर्त निकाला। मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि पंचांग के अनुसार गंगोत्री धाम के कपाट 8 नवंबर को अन्नकूट के पावन पर्व पर दोपहर साढ़े 12 बजे विधि विधान के साथ बंद किए जाएंगे। इसके बाद शीतकाल में श्रद्धालु गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा स्थित गंगा मंदिर में मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे। 

वहीं यमुनोत्री धाम के कपाट भैयादूज के पावन पर्व पर 9 नवंबर को बंद किए जाएंगे। यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद श्रद्धालु मां यमुना के शीतकालीन प्रवास खरसाली गांव स्थित यमुना मंदिर में दर्शन कर सकेंगे। बता दें कि केदारनाथ धाम के कपाट भी भैयादूज के दिन 9 नवंबर को बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने का समय विजयादशमी के दिन तय किया जाएगा। 

Nitika