राजधानी की मांग को लेकर आन्दोलन तेज, घंटों तक गैरसैंण रहा बंद

punjabkesari.in Friday, Mar 23, 2018 - 11:14 AM (IST)

गैरसैंण: उत्तराखंड में गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों के बीच चमोली जिले स्थित गैरसैंण को उत्तराखंड राज्य की स्थायी राजधानी बनाए जाने की मांग को लेकर आंदोलन और तेज हो गया है।

जानकारी के अनुसार, गैरसैंण के भराड़ीसैंण में नवनिर्मित विधानसभा में इन दिनों बजट सत्र चल रहा है। सत्र का गुरुवार को तीसरा दिन था। वहीं, गैरसैंण को राजधानी बनाए जाने की मांग को लेकर राज्य में कई स्थानों पर आंदोलन चल रहे हैं। गैरसैंण में व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष रणजीत शाह और टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष महावीर पुंडीर पिछले 3 दिन से अनशन पर बैठे हैं।

राजधानी आंदोलन को गति देने और दोनों अनशनकारियों के समर्थन में गुरुवार को गैरसैंण व्यापार मंडल और टैक्सी यूनियन की ओर से 12 घंटे तक गैरसैंण बंद और चक्का जाम किया गया। इस पर गुरुवार सुबह से ही आंदोलनकारी सड़कों पर उतर आए। गैरसैंण और मेहलचौरी सहित आसपास के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान, स्कूल, बैंक, सरकारी, गैर-सरकारी संस्थान बंद हैं। गैरसैंण में बड़ी संख्या में जुटे व्यापारियों, टैक्सी संचालकों सहित राजधानी समर्थन आंदोलनकारियों ने जुलूस निकाला और कर्णप्रयाग-रानीखेत मार्ग जाम कर दिया। 

बता दें कि प्रदर्शनकारियों के जाम लगा देने से गढ़वाल और कुमाऊं मंडल को जोड़ने वाली लाइन पूरी तरह से ठप्प हो गई। घंटों चले जाम के कारण लोगों की आवाजाही में मुश्किल हुई। 

Punjab Kesari