कांग्रेस ने सरकार के आपदा प्रबंधन को बताया फेल, 9 विधायकों से की इस्तीफे की मांग

punjabkesari.in Friday, Jul 13, 2018 - 05:02 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित राजीव भवन में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार आपदा राहत बचाव कार्यों में भी पक्षपात कर रहे हैं।

कांग्रेस ने राज्य सरकार पर जमकर बोला हमला 
कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष ने राज्य सरकार को आपदा प्रबंधन को फेल करार देते हुए सभी 9 विधायकों से इस्तीफा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सारे राज्यवासी जल भराव से जूझ रहे हैं लेकिन इसके बावजूद एक मंत्री या विधायक भी लोगों का हाल जानने तक नहीं आए। सूर्यकांत धस्माना ने सरकार पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा विधायकों ने अभी तक किसी भी आपदा ग्रसित क्षेत्रों का दौरा नहीं किया है। 

कांग्रेस ने सरकार पर लगाया अनदेखी का आरोप 
वहीं कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष ने शहर में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर भी राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के द्वारा इस अभियान के नाम पर लोगों के आशियाने और दुकानों को उजाड़ा जा रहा है। कांग्रेस के द्वारा इसका अभियान का पुरजोर विरोध किया जाएगा।  

Nitika