स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी के निधन पर राज्यपाल सहित विधानसभा अध्यक्ष ने व्यक्त किया शोक

punjabkesari.in Wednesday, Jun 26, 2019 - 12:19 PM (IST)

हरिद्वारः पद्मभूषण जगद्गुरु स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी के निधन पर राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल सहित अन्य लोगों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। वहीं राज्य सरकार ने स्वामी सत्यमित्रानन्द गिरी के निधन पर आज एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।

जानकारी के अनुसार, राज्यपाल ने अपने शोक सन्देश में कहा कि स्वामी सत्यमित्रानन्द गिरी ने पूरे विश्व में ज्ञान, धर्म और आध्यात्म की पताका फहराकर सनातन संस्कृति के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन जनकल्याण के लिए समर्पित रहा है। वहीं विधानसभा अध्यक्ष ने अपने शोक संदेश में कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि का जीवन चिरकालिक ज्योति के समान आने वाले लंबे समय तक देश सेवा करने वाले लोगों का मार्गदर्शन करता रहेगा।

प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि का ब्रह्मलीन होना संत समाज सहित हिंदू समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि दिवंगत आत्मा की शान्ति की कामना करते हुए उनके शोक संतप्त परिजनों और अनुयायियों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। बता दें कि आज राज्य में राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे और कोई भी शासकीय मनोरंजन के कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।

Nitika