राज्यपाल और महिला कल्याण मंत्री ने 12 महिला व किशोरियों को दिए तीलू रौतेली पुरस्कार

punjabkesari.in Tuesday, Aug 09, 2022 - 11:18 AM (IST)

 

देहरादूनः उत्तराखंड के राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और महिला एवं बाल कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने संयुक्त रूप से राज्य स्तरीय तीलू रौतेली एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार वितरित किए।
PunjabKesari
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रदेश की 12 महिलाओं और किशोरियों को वीरांगना तीलू रौतेली पुरस्कार तथा आंगनबाड़ी के क्षेत्र में 35 महिलाओं को राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती सम्मान प्रदान किया गया। सोमवार को आईआरडीटी सभागार में आयोजित इस समारोह में राज्यपाल सिंह ने कहा कि देवभूमि की नारी शक्ति में वह क्षमता है कि वह अपने दृढ़ निश्चय से हरसंभव चुनौती से निपटने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में महिलाओं को ईश्वर का अलग ही वरदान मिला है। वे अपने जज्बे और क्षमता से बदलाव की क्रांति लाने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि हमारे परिवार में सबसे ताकतवर, सशक्त व क्षमतवान सदस्य हमारी महिलाएं हैं।

सिंह ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और बालिका शिक्षा एवं कल्याण उनके मिशन में सबसे ऊपर है। उन्होंने कहा कि यहां की महिलाओं को तकनीकी, अवस्थापना सुविधाओं के माध्यम से मदद देकर उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में एक नई क्रांति लाई सकती है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि उत्तराखंड के बिजिनेस को लोकल से ग्लोबल तक पहुंचाने के लिए नवीन तकनीकों, डिजिटल माध्यमों से जुडें। राज्यपाल ने महिलाओं से कहा कि उत्तराखंड की धरती पर जन्म लेने वाली वीरांगना तीलू रौतेली से सीख लेते हुए अपने आप को सशक्त करें। राज्यपाल ने कहा कि तीलू रौतेली के शौर्य और बलिदान की भावना हमें प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि तीलू रौतेली जैसी अनेक वीरांगनाएं पैदा हुईं हैं, उन सभी के महान कार्यों को हमें जन-जन तक पहुंचाना चाहिए।
PunjabKesari
राज्यपाल ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के प्रवास पर उत्तराखंड की नारी शक्ति के कार्यों को देखने व अनुभव करने का मौका मिला। इससे यह साबित हो गया कि यहां मातृशक्ति ही हमें समृद्ध बना रही है। उन्होंने कहा कि वे आशा, आंगनबाड़ी और स्वयं सहायता के कार्यों से बेहद प्रभावित हुए हैं। राज्यपाल ने सम्मानित होने वाली सभी महिलाओं को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अन्य महिलाओं के लिए भी एक प्रेरणा स्त्रोत हैं। कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि नारी शक्ति के अमूल्य योगदान से राज्य विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को अहम योगदान है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि महिलाएं पुरुषों से किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं, वे हर कार्य करने में सक्षम हैं। उन्होंने पुरस्कृत होने वाली सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे स्थानीय विधायक खजान दास ने भी अपने विचार इस कार्यक्रम के दौरान रखे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static