राज्यपाल ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण, कहा- मरीजों के लिए होनी चाहिए लिफ्ट की व्यवस्था

punjabkesari.in Friday, Oct 19, 2018 - 01:05 PM (IST)

रुद्रप्रयागः उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मोर्य गुरुवार को पहली बार रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय में पहुंची। इस दौरान उन्होंने केदारनाथ धाम पहुंच पति संग बाबा केदार के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद राज्यपाल ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। 

स्वास्थ्य सेवाओं संबंधी प्राप्त की जानकारी 
जानकारी के अनुसार, केदारनाथ धाम में लगभग 1 घंटे तक रुकने के बाद राज्यपाल गुलाबराय स्थित हैलीपैड पर पहुंची। वहां पर कुछ देर तक विश्राम करने के बाद बेबी रानी मोर्य सीधे जिला अस्पताल पहुंची। इस दौरान उन्होंने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर मरीजों को दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। राज्यपाल ने कहा कि अस्पताल में गंभीर रोगियों को ले जाने और लेकर आने के लिए लिफ्ट की व्यवस्था भी होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में आईसीयू यूनिट की स्थापना के लिए वह सरकार से बातचीत करेंगी। 

विकास भवन पहुंच प्रदर्शनियों का लिया जायजा 
वहीं जिला अस्पताल के निरीक्षण के बाद राज्यपाल विकास भवन पहुंची, जहां पर उन्होंने विभिन्न महिला समूहों के साथ ही विभागों की प्रदर्शनियों का भी जायजा लिया। इसके साथ ही बेबी रानी मोर्य ने महिलाओं से आजीविका संवर्धन से जुड़ी बातचीत की। इसके बाद राज्यपाल ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की और केन्द्र पोषित योजनाओं के क्रियान्वयन पर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने स्लाइड शो के द्वारा योजनाओं की प्रगति संबंधी जानकारी भी ली। 

Nitika