3 दिवसीय किसान मेले का राज्यपाल ने किया शुभारंभ, खेती से संबंधित किताबों का किया विमोचन

punjabkesari.in Sunday, Feb 25, 2018 - 03:34 PM (IST)

ऊधमसिंहनगर(यामीन अहमद मलिक): उत्तराखंड में पंतनगर विश्वविद्यालय द्वारा 103वें किसान मेले का शनिवार को आयोजन किया गया। इस 3 दिवसीय किसान मेले का विधिवत शुभारंभ महामहिम राज्यपाल कृष्ण कांत पॉल ने किया। 

तीन दिनों तक चलने वाले इस किसान मेले में देश के कई राज्यों के किसान शामिल हो रहें है। मेले का उद्देश्य किसानों तक खेती के लिए नई तकनीक, शोध और अधिक से अधिक बीजों की जानकारी देना है। मेले में वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को बेहतर उत्पादन के तरीके सिखाने और अधिक उत्पादन कर आमदनी बढ़ाने के ढंग सिखाए जा रहे है। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय द्वारा मेले परिसर में तरह-तरह के स्टॉल लगाए गए है। इस दौरान राज्यपाल के द्वारा राज्य में बेहतर खेती करने वाले उन्नतशील किसानों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही खेती से संबंधित किताबों का विमोचन भी किया गया।

राज्यपाल ने कहा कि पंतनगर विश्विद्यालय के वैज्ञानिकों से देश और राज्य के किसानों को बड़ी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से किसानों को एक दिशा मिलती है ताकि किसानों की आय को दोगुना किया जाए। उन्होंने कहा कि पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय में लगने वाला किसान मेला किसानों के लिए एक तीर्थ स्थान है। इसका कारण यह है कि किसानों की आजीविका को लेकर विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा लगातार नए-नए शोध किए जा रहे है। इसके साथ-साथ मेले में आकर किसानों को कई तरह की जानकारी मिलती है।