आगरा की पूर्व मेयर बेबी रानी मौर्या बनीं उत्तराखंड की राज्यपाल

punjabkesari.in Wednesday, Aug 22, 2018 - 01:36 PM (IST)

आगरा/देहरादूनः ताजनगरी की पूर्व मेयर व भाजपा नेत्री बेबीरानी मौर्य उत्तराखंड की नई राज्यपाल नियुक्त की गई हैं। उत्तराखंड की राज्यपाल नियुक्त बेबीरानी मौर्य आगरा से बनीं पहली राज्यपाल हैं। वह वर्ष 1995 में आगरा की मेयर बनी थीं। वर्ष 2007 में भाजपा टिकट पर एत्मादपुर सीट से विधानसभा का चुनाव लड़ी थीं लेकिन हार गई थीं। वह राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य भी रहीं। 

मंगलवार की दोपहर केंद्र सरकार ने सात राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की है, जिसमें उत्तराखंड भी शामिल है। अभी डॉ. केके पॉल उत्तराखंड के राज्यपाल हैं। 8 जुलाई को उनका कार्यकाल पूरा हो चुका है। नयी नियुक्ति होने तक उन्हें अपने पद पर बने रहने को कहा गया था। इस बीच चर्चा यह थी कि उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाइक को उत्तराखंड का अतिरिक्त प्रभार दिया जा सकता है। परंतु केन्द्र ने कार्यवाहक राज्यपाल बनाने के बदले बेबी रानी मौर्या को स्थायी तौर पर उत्तराखंड की जिम्मेदारी दी है। 

जैस ही रात को बीजेपी कार्यकर्ताओं को बेबी रानी मौर्य की राज्यपाल बनने की सूचना मिली वैसे ही आगरा स्थित बेबी रानी मौर्य के निवास करियप्पा रोड बंगला नंबर 144 के शांत लॉन में ढोल नगाड़े गूंजने लगे। युवाओं से लेकर अधेड़ हर कोई झूम रहा था। सबको खुशी थी अपने बीच की जुझारू नेता के राज्यपाल बनने की। बेबीरानी मौर्य के राज्यपाल बनने की सूचना के बाद उनके घर पर बधाई देने आने वालों का सिलसिला शुरू हो गया। युवाओं ने आतिशबाजी शुरू कर दी, तो ढोल, नगाड़ों की थाप गूंजनी शुरू हो गई। हर कोई जश्न के माहौल में डूबा हुआ था। 

इसके साथ ही फोन पर उनकी सास को बधाई देने वालों का सिलसिला भी जारी था। मिठाई बांटी जा रही थी। अभी बेबी रानी मौर्य अपने परिवार के साथ अमेरिका में हैं।  उन्हें अमेरिका में ही राज्यपाल बनाए जाने की सूचना मिली। अमेरिका से लौटते ही वे सीधे देहरादून पहुंचकर उत्तराखंड की राज्यपाल पद की शपथ लेंगी।
 

Ruby