नंदा देवी अभियान पर निकले लापता 4 पर्वतारोही पहुंचे बेस कैंप, 8 का अभी भी कोई अता-पता नहीं

punjabkesari.in Saturday, Jun 01, 2019 - 01:35 PM (IST)

नैनीतालः हिमालय की पर्वत श्रृंखला नंदा देवी के अभियान पर गए विदेशी पर्वतारोहियों का एक दल लापता हो गया है। पर्वतारोहियों के इस दल को ढूंढने के लिए शासन एवं प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। सरकार की ओर से पर्वतारोहियों को ढूंढने के लिए हेलीकॉप्टर का सहारा भी लिया जा रहा है। सीमांत पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि इस दल में 12 सदस्य थे, जिनमें से 4 वापस लौट आए हैं और शेष 8 का कोई अता-पता नहीं है।

दल में 7 पर्वतारोही विदेशी हैं और एक भारतीय है। यह दल 10 मई को नंदा देवी पर्वतारोहण के लिए निकला था। दल को 25 मई को नंदा देवी चोटी के अभियान को पूरा कर वापस अपने आधार शिविर में लौटना था। इस घटना की जानकारी मिलते ही पिथौरागढ़ जिला प्रशासन तुरंत ही हरकत में आ गया। जिला प्रशासन की ओर से मुनस्यारी से भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के एक दल को तुरंत मौके पर रवाना कर दिया गया। इसमें 10 सदस्य शामिल हैं। इसके अलावा राज्य आपदा प्रबंधन की एक टीम को भी आवश्यक उपकरणों के साथ रवाना किया गया है। इस दल में दो चिकित्सकों एवं मेडिकल विभाग के अन्य सहायक कर्मियों को भी शामिल किया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि हेलीकॉप्टर ने आज देहरादून से उच्च हिमालयी क्षेत्र के लिए उड़ान भरी, लेकिन मिलम एवं मुनस्यारी क्षेत्र में मौसम खराब होने से हेलीकॉप्टर को वापस लौटना पड़ा। मौसम ठीक होने पर हेलीकॉप्टर फिर मौके पर रवाना होगा। चमोली जनपद से भी एक टीम मौके के लिए रवाना की जा रही है। दोनों ओर से बचाव अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान को नई दिल्ली की हिमालयन रन एंड ट्रेक प्राइवेट लिमिटे कंपनी की ओर से संचालित किया जा रहा था। कंपनी की ओर से कल 31 मई की शाम को पर्वतारोहियों के लापता होने की जानकारी दी गई।

लापता पर्वतारोहियों के इस दल में अमेरिका, ब्रिटेन एवं आस्ट्रेलिया के अलावा एक भारतीय पर्वतारोही भी शामिल है। लापता पर्वतारोहियों के दल का नेतृत्व ब्रिटेन के माटिर्न मोरन कर रहे थे। दल में अन्य सदस्यों में जॉन मैकलारेन (ब्रिटेन), रूपर्ट वेवेल (ब्रिटेन), रिचर्ड प्याने (ब्रिटेन), रथ मैक्केन (आस्ट्रेलिया), एंथोनी सुडेकुम (अमेरिका), रॉनाल्ड बेमेल (अमेरिका) और चेतन पांडे (भारतीय) शामिल हैं।












 

Deepika Rajput