2 किलो चांदी से बना है गुप्ता ब्रदर्स के बेटों की शादी का कार्ड, जानिए इस शादी में और क्या होगा खास

punjabkesari.in Friday, Jun 14, 2019 - 06:11 PM (IST)

पिथौरागढ़ः उत्तराखंड के स्विटजरलैंड कहे जाने वाले औली में सहारनपुर मूल के एनआरआई गुप्ता बंधुओं के बेटों की शादी होने जा रही है। 18 से 22 जून तक होने वाली इस शादी में 200 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसी के चलते देश दुनिया में इस हाई प्रोफाइल शादी को लेकर सबकी नजरें अब औली पर टिकने लगी हैं। 

शादी की तैयारियों के साथ 2 किलो का कार्ड भी बना चर्चा का विषय 
अजय गुप्ता के बेटे सूर्यकांत की शादी 18 से 20 जून और अतुल गुप्ता के बेटे शशांक की शादी 20 से 22 जून तक होगी। शादी में आने वाले हर एक मेहमान के लिए दिल्ली, मुंबई और चंडीगढ़ से सीधे चॉपर की व्यवस्था की गई है, जो उनको औली छोड़कर और लेकर आएगा। मेहमानों के आने का सिलसिला 16 मई से ही शुरू हो जाएगा। इतना ही नहीं शादी की तैयारियों के साथ ही 2 किलोग्राम का शादी का कार्ड भी बेहद चर्चा में बना हुआ है। 

स्विटजरलैंड से 5 करोड़ के फूल लाकर की जा रही सजावट 
स्विटजरलैंड से 5 करोड़ के कई प्रकार के फूल लाकर औली को गुलदस्ते के रूप में सजाया जाएगा। शादी समारोह का जिम्मा ई फोर्स इवेंट कंपनी को दिया गया है। बताया जा रहा है कि औली में 5 सितारा होटलनुमा टेंट कालोनी स्थापित की जाएगी। वहीं गुप्ता बंधू में से एक अनिल गुप्ता का कहना है कि उनकी मां की इच्छा है की वह अपने बेटों की शादी उत्तराखंड के त्रियुगीनारायण मंदिर में करें। अनिल गुप्ता का कहना है कि इस शादी के बाद से उत्तराखंड मैरिज डेस्टिनेशन के रूप में उभरेगा लिहाजा इस बात का भी ध्यान रखा जाएगा कि किसी तरह से भी पर्यावरण को नुकसान ना हो। 

50 से 55 वॉलीबुड स्टार गुप्ता बंधुओं के बेटों की शादी में होंगे शामिल 
इतना ही नहीं शादी के लिए औली में 50 से 55 वॉलीबुड स्टार भी शामिल होंगे। इसके साथ ही 16 और 17 जून को स्थानीय लोगों को पहाड़ी व्यंजन पर आधारित भोजन भी दिया जाएगा। बता दें कि सहारनपुर के एनआरआई गुप्ता बंधु इस समय दुबई में रह रहे हैं। गुप्ता बंधुओं ने शादी को लेकर औली में भूमियाल देवता की पूजा अर्चना कर एक तरह से शादी समारोह का आगाज कर लिया गया है।

 

Nitika