हल्द्वानीः महिला की हत्या के आरोप में पुलिस ने सौतेले बेटे को किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2020 - 04:39 PM (IST)

नैनीतालः उत्तराखंड के हल्द्वानी में महिला की हत्या की गुत्थी पुलिस ने एक दिन में सुलझा ली। महिला का सौतेला बेटा ही उसका हत्यारा निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, हल्द्वानी के दमुवाढूंगा में गुरुवार रात को ऊषा नाम की एक महिला की गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद शहर में सनसनी फैल गई थी और इस घटना से पुलिस भी सकते में आ गई थी। घटना के वक्त महिला का पति नरेश गंगवार घर पर नहीं था। वह रोज की तरह अपनी दुकान में गया हुआ था। जब वह रात को घर पहुंचा तो हत्या का पता चला। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी और पुलिस अधिकारियों ने तत्काल घटनास्थल का मुआयना कर गुत्थी को सुलझाने में जुट गए। पुलिस को शुक्रवार को हत्या के आरोप में महिला के सौतेेले बेटे अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं पुलिस को पहले ही उस पर शक हो गया था और पुलिस ने उसे किच्छा के घर से पूछताछ के लिये हिरासत में लिया था। अपर पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव ने बताया कि अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू को भी बरामद कर लिया है। आरोपी अभिषेक ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसके पिता ने कुछ समय पहले ऊषा से प्रेम विवाह कर लिया था और उससे उसका एक बच्चा भी है। वह कुछ समय पहले किच्छा से हल्द्वानी में आकर रहने लगा था। वह अपने पिता के प्रेम विवाह करने से खफा था।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि इसके बाद उसके परिवार में क्लेश रहने लगा था। इसलिए उसने ऊषा को रास्ते से हटाने की साजिश रची और कल वह दमुवाढूंगा पहुंच गया। ऊषा को अकेले पाकर उसका गला रेत दिया और फरार हो गया।

 

Diksha kanojia