हल्द्वानीः पुलिस ने किया अंतरराज्यीय देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़, 6 लोग गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Jan 27, 2021 - 06:02 PM (IST)

 

नैनीतालः उत्तराखंड के हल्द्वानी में पुलिस ने मंगलवार को अनैतिक देह व्यापार का धंधा करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के सदस्य बाहर से आकर हल्द्वानी में अनैतिक धंधे को अंजाम देते थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरोह हल्द्वानी के होटलों में धनाढ्य लोगों को लड़की सप्लाई करने का काम करता था। सप्ताह में दो से तीन बार गिरोह हल्द्वानी आकर बड़े लोगों को लड़कियां उपलब्ध कराता था।

मंगलवार को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि हल्द्वानी के सतवाल पेट्रोल पंप के पास एक इनोवा कार में कुछ संदिग्ध लोग हैं और वे अनैतिक कार्य को अंजाम दे रहे हैं। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रीति प्रियदर्शिनी के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रेफिकिंग इकाई को सक्रिय किया गया। प्रभारी उपनिरीक्षक लता बिष्ट की अगुवाई में टीम ने मौके पर छापा मारकर गिरोह के सभी छह सदस्यों को दबोच लिया।

गिरोह के सदस्यों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वे कार से अनैतिक धंधे को अंजाम देते हैं। यह भी पता चला कि गिरोह के सदस्यों के होटलों में संपर्क हैं और वे होटलों में अपने ग्राहकों को लड़कियां सप्लाई करते हैं। फोन पर संपर्क करने के 10 से 15 मिनट के बीच वह उन्हें लड़कियां उपलब्ध करा देते हैं। इसके बदले वह ग्राहकों से प्रति रात के हिसाब से 12 से 15 हजार रुपए वसूलते हैं। आज भी वह इसी धंधे के लिए हल्द्वानी आए थे और ग्राहकों के फोन का इंतजार कर रहे थे।

पुलिस ने जिन लोगों को गिरफ्तार किया है उनमें सुकुमार सरकार पुत्र मनिदंर सरकार मूल निवासी ग्राम माधोपुर, थाना अमरिया जिला पीलीभीत उप्र, हाल निवासी रूद्रपुर, हरिदास विश्वास उर्फ देेव पुत्र सनातन विश्वास ग्राम महतोष मोड़, पिपलिया, गदरपुर, उधमसिंह नगर शामिल हैं। गिरोह में चार लड़कियां हैं जो अनैतिक देह व्यापार का धंधा करती हैं।

इनमें एक उप्र के पीलीभीत जनपद के शीषगढ़ की जबकि अन्य तीन पश्चिम बंगाल के कलियागंज, 24 परगना और स्याल्दा कोलकाता की रहने वाली हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ धारा 294/34 व अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों से गिरोह के बारे में और जानकारी जुटा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Diksha kanojia

Recommended News

Related News

static