हरक सिंह रावत नहीं लड़ेंगे 2022 का उत्तराखंड विधानसभा चुनाव

punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2020 - 04:24 PM (IST)

 

देहरादूनः उत्तराखंड के मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा है कि वह 2022 में होने वाला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।

हरक सिंह रावत ने कहा कि उन्होंने राज्य और केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को सूचित कर दिया है कि वह 2022 में होने वाला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। रावत के इस फैसले को उन्हें राज्य श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पद से हाल में हटाए जाने से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक गलियारे में इस प्रकार की अटकलें लगाई जा रही हैं कि राज्य के वन मंत्री को पहले से बताए बिना बोर्ड के अध्यक्ष पद से जिस प्रकार हटाया गया, उसे लेकर नाराजगी जताने के लिए उन्होंने अचानक यह घोषणा की।

वहीं इस संबंध में पूछे जाने पर रावत ने कहा कि किसी पद पर नियुक्ति करना मुख्यमंत्री का अधिकार है, लेकिन उन्होंने साथ ही कहा कि वह इस बारे में उनसे बात करेंगे। 3 बार कैबिनेट मंत्री रहे रावत ने 1989 में भाजपा के साथ अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था, लेकिन बाद में वह बसपा और फिर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। वह 2016 में फिर से भाजपा में शामिल हो गए थे।

Nitika