हरिद्वार की बेटी ने जिले का मान बढ़ाया

punjabkesari.in Sunday, Jul 30, 2017 - 10:30 AM (IST)

हरिद्वार: दिल्ली पब्लिक स्कूल रानीपुर से शुरूआती तालीम हासिल करने वाली हरिद्वार की बेटी ने पी.सी.एस. परीक्षा पास कर हरिद्वार का मान बढ़ा दिया है। ज्वालापुर के अहबाब नगर की रहने वाली अतिया परवेज ने 12वीं तक डी.पी.एस. से पढ़ाई की है। इसके बाद मैकेनिकल इंजीनियरिंग से बी.टैक. करने के बाद वह जल विद्युत निगम में एस.डी.ओ. बन गईं, लेकिन अतिया के सपनों की उड़ान यहीं नहीं रुकी। उन्होंने पी.सी.एस. परीक्षा भी पहले ही कोशिश में पास कर अपनी काबिलियत का लोहा मनवा लिया।

अतिया खान ने बताया कि पी.सी.एस. परीक्षा के लिए ये उनका पहला प्रयास था। खंड विकास अधिकारी में उनका 22वां नम्बर आया है। उन्होंने बताया कि इंटरव्यू में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की नीतियों बारे सवाल पूछा गया था। इसके अलावा उत्तराखंड की महिलाओं की स्थिति बारे भी सवाल किए गए। उन्होंने बताया कि पी.सी.एस. परीक्षा का नया पैटर्न स्टूडैंट्स के लिए अच्छा है। खासतौर पर तकनीकी बैक ग्राऊंड वाले स्टूडैंट्स के लिए लाभदायक है।

अतिया के पिता मोहम्मद इकबाल बी.एच.ई.एल. से रिटायर्ड हैं व उनकी माता स्वेलहा शराफत सरकारी स्कूल में अध्यापिका हैं। अतिया के भाई भी रिजर्व बैंक ऑफ  इंडिया में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि परिवार का सपोर्ट होने के कारण ही उन्होंने परीक्षा पास की है। उन्होंने कहा कि युवाओं को लगातार प्रयास करते रहना चाहिए, साथ ही सब्र से काम लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं को समाज के जरूरतमंद तबके तक ले जाना उनका लक्ष्य होगा।

भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए वे तकनीक का सहारा लेंगी। इस दौरान उनके घर बधाई देने वालों का तांता लग गया, जिनमें महमूद अहमद, जोया, हीना, सबिया व बुशरा खान आदि शामिल रहे।