Ukraine से सकुशल लौटा हरिद्वार का छात्र, घर वापसी पर ADM ने किया स्वागत

punjabkesari.in Sunday, Mar 06, 2022 - 12:48 PM (IST)

 

हरिद्वारः यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध जारी है। सरकार द्वारा यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को सकुशल वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है। इन्हीं प्रयासो के चलते हरिद्वार निवासी वैभव कुमार भी यूक्रेन से सकुशल भारत लौट आया। वैभव यूक्रेन के खारकीव राज्य में रहकर एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था। खारकीव से हरिद्वार लौटने पर परिजनों के साथ ही स्थानीय प्रशासन ने वैभव का फूलमालाओं से स्वागत किया।

हरिद्वार के एडीएम बीर सिंह बुधियाल ने खुद जाकर वैभव का स्वागत किया। इस दौरान वैभव ने अपनी आपबीती बयां कर बताया कि वह दोनों देशों के बीच छिड़ी जंग के कारण डर के साये में रहने को मजबूर थे। खारकीव से भारत लौटने के दौरान उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ा। बेटे के सकुशल घर वापसी पर वैभव कुमार के पिता काफी उत्साहित दिखाई दिए। उन्होंने भारत सरकार का आभार व्यक्त किया।

वहीं हरिद्वार के एडीएम बीर सिंह बुधियाल ने बताया कि यूक्रेन में फंसे हरिद्वार के सभी छात्रों की सकुशल वापसी का प्रयास किया जा रहा है। आंकड़ों के अनुसार, 43 में से 26 छात्र सकुशल हरिद्वार लौट आए हैं। एक छात्र यूक्रेन में फंसा है लेकिन वह सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि 16 छात्र सीमावर्ती देशों में है। जल्दी सभी छात्रों को उनके घर तक पहुंचा दिया जाएगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static