लोकसभा चुनावः नैनीताल ऊधमसिंह नगर सीट से टिकट मिलने के बाद हरीश रावत ने निकाला रोड शो

punjabkesari.in Monday, Mar 25, 2019 - 12:05 PM (IST)

ऊधमसिंह नगरः उत्तराखंड में लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा के बाद कांग्रेस ने भी अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। इसकेे साथ ही राज्य की सबसे हॉट सीट नैनीताल ऊधमसिंह नगर सीट पर जहां एक तरफ भाजपा ने अपने प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट को मैदान मे उतारा है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत पर अपना दांव खेला है। 

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरीश रावत का किया स्वागत 
जानकारी के अनुसार, नैनीताल ऊधमसिंह नगर सीट से टिकट मिलते ही हरीश रावत ने अपना चुनावी बिगुल फूंक दिया है। इसी के चलते हरीश रावत रविवार को ऊधमसिंह नगर जिले के जसपुर पहुंचे, जहां पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके साथ ही पूर्व सीएम ने कार्यकर्ताओ के साथ रोड शो भी निकाला। वहीं हरीश रावत ने कहा कि अजय भट्ट उनके छोटे भाई की तरह हैं लेकिन चुनाव में लोकतंत्र को बचाने के लिए वह अपने छोटे भाई से भी लड़ाई लड़ेंगे।

हरीश रावत ने भाजपा पर कसा तंज 
बता दें कि हरीश रावत ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने देश की जनता के साथ खिलवाड़ करने के अतिरिक्त और कोई काम नहीं किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस सरकार बनने पर 1 महीने के भीतर देश के सभी किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। इसके साथ ही हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस सरकार बेरोजगारी के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है।




 

Nitika