उत्तराखंडः मानसून की पहली बारिश का कहर, देहरादून में अगले 48 घंटे तक अलर्ट जारी

punjabkesari.in Friday, Jun 29, 2018 - 02:16 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड में मौसम विभाग ने 5 दिनों के लिए भारी बारीश का अलर्ट जारी किया है। उन्होंने राज्य में अगले 3-4 दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। इसी के चलते प्रशासन भी सतर्क दिखाई दे रहा है। बारिश के कारण गुरुवार को भी कई जिलों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 

मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह ने घोषणा कर दी है कि राज्य में मानसून पहुंच गया है। मानसून की पहली बारिश का कहर पिथौरागढ़ जिले के लोगों पर पड़ा। बारिश के दौरान भूस्खलन के कारण कैलाश मानसरोवर यात्रा का पैदल मार्ग बाधित हो गया है। धारचूला में भी भूस्खलन के कारण खेत तबाह हो गए। इसके साथ ही नैनीताल जिले के एक गांव में भारी बारिश के साथ जलस्तर बढ़ने से अस्थाई पुल बह गया। बागेश्वर में आंधी-तूफान के कारण चीड़ का पेड़ बिजली की तारों पर गिर गया, इससे 5 घंटों तक बिजली बाधित रही। 

मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को कई जगहों पर हल्की से मध्यम गति में बारिश होने की आशंका है। इसके साथ ही शनिवार और रविवार को कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। 

Nitika