हिमालय पुत्र हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंतीः CM ने उनकी मूर्ति पर किया माल्यार्पण, बताई ये बड़ी बात

punjabkesari.in Thursday, Apr 25, 2019 - 01:21 PM (IST)

देहरादूनः आज समूचा उत्तराखंड उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और उत्तराखंड में विकास पुरुष कहलाने वाले हिमालय पुत्र स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती मना रहा है। इसके साथ ही राजधानी देहरादून के घंटाघर स्थित कांप्लेक्स में स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की जन्म शताब्दी पर उनके पुत्र विजय बहुगुणा और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण कर उनकी स्मृतियों को याद किया।

जानकारी के अनुसार, इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुगुणा जी पहाड़ों के हितैषी, किसानों के बेहद प्रिय और गरीबों के मसीहा के तौर पर जाने जाते हैं। इसके साथ ही उन्होंने स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा का एक ऐसा राज बताया जो उनके पुत्र विजय बहुगुणा तक को पता नहीं था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद हेमवती नंदन बहुगुणा हमेशा इलाहाबाद स्थित कमला नेहरू अस्पताल के बारे में पूछा करते थे। इसके साथ ही समय-समय पर अस्पताल के बारे में जानकारी लिया करते थे।

वहीं सीएम ने कहा कि यह बात तब की है, जब वह बड़े कठिन दौर से गुजर रहे थे। इलाहाबाद के कमला नेहरू अस्पताल में विजय बहुगुणा का जन्म हुआ था और उनकी पत्नी कमला बहुगुणा अस्पताल में भर्ती थी। इसी बीच जब अस्पताल में बिल देने का नंबर आया और वह बिल देने में असमर्थ थे। इसके बाद की बात सीएम ने नहीं बताई। बता दें कि पिता की जयंती पर विजय बहुगुणा ने बताया कि पिता जी हमेशा पहाड़ों के प्रति चिंतित रहते थे और पलायन रोकने की बात करते थे।

Nitika