दिल्ली विस चुनावः ड्यूटी पर तैनात उत्तराखंड के जवान की मौत, घर में पसरा मातम

punjabkesari.in Thursday, Feb 13, 2020 - 05:34 PM (IST)

 

देहरादूनः हाल ही में संपन्न हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी उत्तराखंड होमगार्ड के कुछ जवान मतदान ड्यूटी पर दिल्ली गए थे। इन्हीं जवानों में से एक दीपक यादव थे, जो दिल्ली में 8 फरवरी को मतदान के लिए स्पेशल ड्यूटी पर गए थे। इसके बाद होमगार्ड का ये सिपाही ड्यूटी से घर वापस अपने साथियों के कंधों पर लौटा। यह देखकर हर किसी की आंखें नम थी।

होमगार्ड के अधिकारी और साथी जवानों ने अपने इस सिपाही को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। दरअसल दिल्ली विधानसभा चुनाव की ड्यूटी के दौरान दीपक यादव को ब्रेन हेमरेज हुआ था। जिसके बाद दीपक को दिल्ली के ही अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां 2 दिन इलाज के बाद इस सिपाही ने 11 फरवरी को दुनिया को हमेशा-हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। वहीं होमगार्ड आईजी पुष्पक ज्योति ने अपने जवान की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि पूरा पुलिस प्रशासन उनके साथ है और विभाग उनके परिवार की हर संभव मदद करेगा।

बता दें कि दीपक यादव पिछले 30 सालों से होमगार्ड में अपनी सेवाएं दे रहे थे। 11 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव नतीजों की चकाचौंध में होमगार्ड के सिपाही की खबर किसी को नहीं लगी। दीपक यादव अपने पीछे अपनी पत्नी और 2 बच्चों को छोड़ गए हैं।
 

Nitika