नानकमत्ता में पुलिस ने हनी ट्रैप गैंग का किया खुलासाः गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार, कई फरार

punjabkesari.in Sunday, Aug 14, 2022 - 01:03 PM (IST)

 

 

नैनीतालः उत्तराखंड की उधमसिंह नगर के नानकमत्ता में पुलिस ने हनी ट्रैप गैंग का खुलासा कर गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें कई महिलाएं भी शामिल हैं। महिलाएं मीठी-मीठी बातों से शिकार को फंसाने का काम करती हैं। वहीं गिरोह के कई सदस्य फरार हैं।

उधमसिंह नगर पुलिस के अनुसार, इसी साल 25 मई व 10 जून के मध्य हनी ट्रैप की 2 अलग-अलग घटनाएं सामने आई थीं। दोनों मामलों में महिलाओं की भूमिका सामने आई। दोनों घटनाओं में पैसे का लेनदेन सामने आया। हनी ट्रैप गैंग का पहला शिकार पीलीभीत के अमरिया निवासी जयराम नामक युवक हुआ। जयराम 25 मई को बरा से खटीमा जा रहा था। इसी दौरान सितारगंज के बिजटी चैराहा में उसे 2 महिलाएं मिलीं। दोनों ने उससे नानकमत्ता तक लिफ्ट मांगी। इसी दौरान महिलाओं ने युवक का मोबाइल नंबर ले लिया। महिलाएं युवक से मीठी मीठी बातें करती रहीं और अगले दिन उसे बिडौरा, मझौला में मिलने का निमंत्रण दे दिया। युवक 26 मई को अपने दोस्त के साथ बिडौरा गया। इस दौरान महिला युवक को एक घर में ले गई। कुछ देर बाद वहां 5-6 लोग आ गए और मारपीट कर पैसों की मांग करने लगे। युवक गैंग के चंगुल से किसी तरह से बचकर निकला। दूसरी घटना में भी महिलाओं की भूमिका ही प्रमुख रही।

पुलिस के अनुसार, दिनेश अग्रवाल की पीलीभीत (उप्र) के मझौला में कपड़े का व्यापारी है। खटीमा से गीता नाम की एक महिला उसके दुकान में कपड़ा खरीदने जाती थी। कुछ दिन बाद गीता ने दूसरी महिला को उसकी दुकान पर कपड़ा खरीदने के लिए भेजा। इस महिला ने दिनेश अग्रवाल को विश्वास में ले लिया और उसे व्यापार के नाम पर सिसईखेड़ा बुला लिया। गत 10 जून को दुकान मालिक जैसे ही सिसईखेड़ा पहुंच तो महिला उसे एक घर में ले गई। कुछ देर बाद वहां 5-6 लोग आ गए और मारपीट के साथ पैसों की मांग करने लगे। उससे 10 हजार रुपए व मोबाइल भी छीन लिया। साथ ही जान बख्शने के नाम पर 2 लाख रुपए की मांग की। पीड़ित को काफी वक्त तक बंधक बनाकर भी रखा गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया। दोनों मामलों की जांच उप निरीक्षक जावेद मलिक व दीवान सिंह के सुपुर्द कर दी। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए कहा कि बूटा सिंह इस गैंग का सरगना है और उस पर नानकमत्ता में आधा दर्जन अभियोग पंजीकृत हैं। पुलिस इस मामले में गुरनाम सिंह उर्फ गामा को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

पुलिस ने शुक्रवार देर शाम को गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें गुरविंदर सिंह निवासी सिसईखेड़ा, गोगी मौसी उर्फ गुरमीत कौर उर्फ बलविंदर कौर निवासी हरैया, बलवंत कौर निवासी बिडौरा, मझौला, मंजीत कौर उर्फ गीता निवासी टुकड़ी, सुखविंदर सिंह उर्फ कुलवंत सिंह निवासी कैथुलिया नानकमत्ता शामिल हैं। बूटा सिंह निवासी बिचुवा, जैंटी उर्फ गुरजंट सिंह निवासी सिसईखेड़ा, सन्नी निवासी हरैया, नानकमत्ता व गीता उर्फ सिमरन निवासी बनगंवा, खटीमा फरार हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस जोर-शोर से आरोपियों की तलाश में जुटी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static