सिविल सर्विस इंस्टीट्यूट पर इनकम टैक्स की नकेल,सामने आई इतने करोड़ की आयकर चोरी

punjabkesari.in Friday, Feb 09, 2018 - 06:31 PM (IST)

देहरादून/ ब्यूरो। भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा के इलीट क्लब सिविल सर्विस इंस्टीट्यूट की दो करोड़ से ऊपर की इनकम टैक्स चोरी आयकर विभाग ने पकड़ ली है। इस मामले में इनकम टैक्स विभाग ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। मुख्य आयकर आयुक्त प्रमोद कुमार गुप्ता ने साफ कहा कि इनकम टैक्स चोरी करने वाला चाहे कितना ही ताकतवर हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। सिविल सर्विस इंस्टीट्यूट से दो करोड़ 39 लाख 34 हजार 440 रुपये आयकर हर हाल में वसूला जाएगा।

 

सुभाष मार्ग के पास आयकर भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में मुख्य आयकर आयुक्त ने कहा कि सिविल सर्विस इंस्टीट्यूट पर दो करोड़ से अधिक की आयकर राशि देय है। इंस्टीट्यूट इनकम टैक्स नहीं देना चाहता था। लेकिन विभाग के काफी प्रयास के बाद टैक्स बचाने की कोशिश पकड़ी गई है। इसमें इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने बहुत मेहनत की है। विभाग इस मामले में कोई समझौता नहीं करेगा।

 

एक सवाल के जवाब में मुख्य आयकर आयुक्त ने कहा कि आयकर विभाग ने जो भी कार्रवाई की है, वह कानून व नियम सम्मत है। नियमों से हटकर कुछ भी नहीं किया गया है।

उनका कहना था कि आयकर के जो लक्ष्य हैं, उनको प्राप्त कर लिया जाएगा। इसके लिए विभाग पूरी तरह से मुस्तैद है। हम इसके लिए युद्धस्तरीय प्रयास कर रहे हैं। इस मौके पर प्रधान आयकर आयुक्त सुनिति श्रीवास्तव, अपर आयकर आयुक्त मुख्यालय निधि सिंह भी मौजूद थी। 

क्या है मामला

-सिविल सर्विस इंस्टीट्यूट पंच सितारा कैटेगरी का क्लब है। यहां रोज निजी पार्टियां होती हैं।

-आयकर विभाग ने टैक्स रिटर्न की जांच में इस मामले को पकड़ा था। 

-खेल विभाग ने पांच करोड़ रुपये का बजट संस्थान को दिया था। 

-पांच करोड़ को जमा कर इसके ब्याज से संस्थान की गतिविधियां चलाई जा रही थीं। 

-आयकर विभाग ने फिक्स की गई राशि पर ब्याज को आयकर के दायरे में पाया।