कांग्रेस के भारत बंद का पिथौरागढ़ में दिखा असर तो चंपावत में नहीं हुआ कोई असर

punjabkesari.in Monday, Sep 10, 2018 - 06:48 PM (IST)

पिथौरागढ़ः देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस के आहृवान पर विपक्षी दलों के द्वारा सोमवार को भारत बंद करवाया गया। भारत बंद का उत्तराखंड में मिला-जुला असर देखने को मिला। 

केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी 
जानकारी के अनुसार, महंगाई को लेकर कांग्रेस के भारत बंद के आह्वान पर पिथौरागढ़ जिले का बाजार पूरी तरह से बंद रहा। कांग्रेसी कार्यकर्त्ताओं ने बाजारों में घूमकर दुकानदारों से बंद की अपील की। इसके साथ ही जिले के सभी स्कूल और कॉलेज भी बंद रहे। कांग्रेसियों के द्वारा गांधी चौक में मोदी सरकार का पुतला फूंका और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। कांग्रेस ने महंगाई के लिए मोदी सरकार को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार के खिलाफ आगे भी लड़ाई लड़ी जाएगी। 

चंपावत में भारत बंद का नहीं हुआ कोई असर 
वहीं चंपावत जिले में भारत बंद का कोई असर दिखाई नहीं दिया। जिले की सभी दुकानें रोज की तरह खुली थी। कांग्रेस को व्यापार संघ का समर्थन ना मिलने पर मजबूरी में केंद्र सरकार का पुतला दहन करना पड़ा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्तम देव और पूर्व विधायक हिमेश खर्कवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोटर स्टेशन पर महंगाई के खिलाफ नारेबाजी करने हुए प्रदर्शन किया।

Nitika