‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान को सफल बनाने में जुटी भारतीय सेना

punjabkesari.in Thursday, Sep 21, 2017 - 11:15 AM (IST)

देहरादूनः भारत सरकार द्वारा हाल ही में ‘स्वच्छता ही सेवा’ नाम से चलाए जा रहे स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान के तहत आई.बी.ई.एक्स. ब्रिगेड के जवान सिविल प्रशासन, छात्रों एवं स्थानीय लोगों के साथ मिलकर गढ़वाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में एक वृहत कार्यक्रम को चला रहे हैं। यह जागरूकता अभियान माऊंट कॉमेट की बर्फीली चोटियों के साथ सीमावर्ती गांवों जिनमें निति, मलारी, माना सहित बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री जैसे धार्मिक स्थलों में चलाया जाएगा।

सेना के जवान इस कार्यक्रम के उद्देश्य को पूर्ण करने के लिए सिविल प्रशासन के साथ स्थानीय लोगों को कूडा़ संचयन, प्लास्टिक समापन व नालियों की सफाई के बारे में भी प्रेरित कर रहे हैं। इस दौरान एक और वृहद स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है, जिसके तहत केदार-बद्री जैसे जाने-माने पर्यटक स्थलों सहित यहां के रास्तों में आने वाले रुद्रप्रयाग, जोशीमठ, हरसिल एवं गौरीकुंड जैसे विश्राम स्थलों में भी कूड़ा संचयन एवं बहुमूल्य पानी के स्रोतों को बचाने के लिए स्थानीय पुजारियों व पर्यटकों सहित स्थानीय प्रशासन का सहयोग लिया जा रहा है।

इस अभियान के तहत रुद्रप्रयाग के छावनी क्षेत्र में खुले में शौच से मुक्ति के लिए एक कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी, ज्येष्ठ पुलिस अधीक्षक व नगर परिषद सेना के साथ-साथ मिलकर सतत कार्यरत हैं। यह अभियान सफलतापूर्वक 2 अक्तूबर को गांधी जयंती के दिन सम्पन्न होगा।