ITBP ने नंदा देवी अभियान पर गए 8 लापता विदेशी पर्वतारोहियों की तलाश की शुरू

punjabkesari.in Sunday, Jun 02, 2019 - 01:06 PM (IST)

नैनीतालः आईटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) की 14वीं बटालियन ने नंदा देवी ईस्ट पर्वतारोहण अभियान के दौरान गुम हुए 8 पर्वतारोहियों की तलाश जोर-शोर से आरंभ कर दी है।

आईटीबीपी के प्रवक्ता के अनुसार कुमाऊं उत्तराखंड स्थित नंदा देवी पर्वत जिसकी ऊंचाई 7434 मीटर है, के आरोहण के लिए 12 सदस्यीय पर्वतारोहियों का दल 10 मई से 15 जून तक पर्वतारोहण अभियान पर था। इस अभियान को इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन आईएमएफ से भी अनुमोदन प्राप्त था। गुम हुए 8 सदस्यों में 4 इंग्लैंड से, 2 अमेरिका और 1 ऑस्ट्रेलिया से हैं, जबकि इनके लाइजन अफसर भारतीय हैं। गुम हुए लोगों में एक महिला पर्वतारोही भी शामिल है।

इस अभियान में कुल 12 पर्वतारोही शामिल थे जिनमें 4 किसी प्रकार आधार शिविर तक पहुंचने में सफल रहे हैं। पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने आईटीबीपी की मदद से शनिवार शाम को तलाशी शुरू कर दिया है। इसमें स्थानीय राजस्व पुलिस और एसडीआरएफ के सदस्य भी शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि इस अभियान का रूट मुनस्यारी, लीलम, मार्तोली, लावण होकर नंदा देवी ईस्ट आधार शिविर और समिट था। इस रास्ते में बहुत सारे बर्फीले क्षेत्र हैं जहां इस साल बहुत अधिक बर्फर्बारी हुई थी और अभी भी वहां काफी बर्फ मौजूद है।

Nitika