खराब मौसम के कारण संकट में कैलाश मानसरोवर यात्रा, 3 दिनों से पिथौरागढ़ में फंसा 8वां दल

punjabkesari.in Thursday, Jul 19, 2018 - 05:24 PM (IST)

पिथौरागढ़ः उत्तराखंड में खराब मौसम के कारण विश्व प्रसिद्ध कैलाश मानसरोवर यात्रा पर एक बार फिर से संकट मंडराने लगा है। इसी क्रम में यात्रा के आठवें दल को पिछले 3 दिनों से पिथौरागढ़ में ही रोका गया है। इससे पहले भी खराब मौसम के चलते इस दल को 4 दिनों तक अल्मोड़ा में रोका गया था। 

जिला प्रशासन यात्रा को सुचारु रूप से चलाने के लिए कटिबद्ध 
जानकारी के अनुसार, उच्च हिमालयी क्षेत्र मे हो रही बारिश के कारण पैदल मार्ग खराब होने से केलाश मानसरोवर यात्रा सुचारु रूप से चल नहीं पा रही है। यात्रा का आठवां दल पिथौैरागढ़ में रुका हुआ है तो नौवें दल के यात्रियों को अल्मोडा में रोका गया हैं। जिला प्रशासन यात्रा को सुचारु रूप से चलाने के लिए कटिबद्ध है। इसी के चलते यात्रियों को पिथौरागढ़ से गुंजी तक हेलीकॉप्टर के द्वारा भेजने के लिए भारतीय वायु सेना की सहायता ली जा रही है लेकिन खराब मौसम के कारण यात्रा में बाधा उत्पन्न हो रही है। 

आठवें दल में 14 महिलाओं सहित 58 तीर्थयात्री शामिल 
वहीं कुछ यात्री जिला प्रशासन की हेली सेवाओं से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि दूसरे हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की जानी चाहिए ताकि यात्रा सुचारु रूप से चल सके। बता दें कि यात्रा के आठवें दल में 14 महिलाओं सहित 58 तीर्थयात्री शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अब तक केवल 4 दल यात्रा पूरी करके वापस लौट आए है। 
 

Nitika