किशोर उपाध्याय ने सरकार पर साधा निशाना, कहा- योग कार्यक्रम से हुआ करोड़ों का नुकसान

punjabkesari.in Friday, Jun 22, 2018 - 10:49 AM (IST)

उत्तरकाशीः उत्तराखंड में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्तरकाशी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा की डबल इंजन सरकार पर निशाना साधा है। 

योग कार्यक्रम से राज्य को कुछ नहीं मिला 
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने योग पर हो रही बड़ी सियासत को जोड़ते हुए कहा कि पहाड़ के कण-कण में योग है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से राज्य को कुछ नहीं मिला बल्कि करोड़ों रुपए खर्च कर दिए गए। इसके साथ ही सुबह से लोग भी परेशान रहे। इसके अतिरिक्त उन्होंने 51 हजार की भीड़ पर एफआरआई में भी नुकसान की बात कही। 

पहाड़ की जनता का वनों से होता जा रहा मोह भंग 
किशोर उपाध्याय ने कहा कि साल 2006 में कांग्रेस सरकार ने अनुसूचित जनजाति और अन्य पारंपरिक वनवासी कानून बनाया था लेकिन मोदी सरकार इसका प्रभावी ढंग से अनुपालन नहीं करवा रही है। इस कारण वनवासियों को उनका हक नहीं मिल पा रहा हैं। कड़े वन कानूनों के चलते पहाड़ की जनता का वनों से मोह भंग होता जा रहा है और लोग पलायन करने को मजबूर हैं। यदि वनवासियों को जंगलों में उनके अधिकार दिए जाएं तो इस पर काफी हद तक रोक लग सकती है। 

राष्ट्रपति को ज्ञापन किया जाएगा प्रेषित 
बता दें कि गुरुवार को कांग्रेसी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर इसी कानून के अनुपालन के संबंध में पीएम मोदी को ज्ञापन देने जा रहे थे लेकिन भाजपा सरकार ने उन्हें गिरफ्तार करवा दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उन्हें प्रधानमंत्री को ज्ञापन नहीं सौंपने दिया लेकिन अब वह राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित करेंगे। 
 

Nitika