लोकसभा चुनाव 2019ः जानिए अल्मोड़ा सीट से BJP के उम्मीदवार अजय टम्टा के बारे में

punjabkesari.in Sunday, Mar 24, 2019 - 02:29 PM (IST)

अल्मोड़ाः उत्तराखंड में भाजपा ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही पार्टी ने अजय टम्टा को अल्मोड़ा सीट से उम्मीदवार बनाया है। अजय टम्टा संघ के काफी करीबी हैं और उनका राजनीतिक कद भी काफी अच्छा है। उन्होंने प्रदेश भाजपा के लिए कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।

अजय टम्टा भारत की सोलहवीं लोकसभा के सांसद हैं। वह उत्तराखंड में 2014 के लोकसभा चुनावों में अल्मोड़ा सीट से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़कर निर्वाचित हुए। इसके साथ ही अजय टम्टा को केंद्र सरकार में कपड़ा राज्यमंत्री का मंत्रालय भी दिया गया। 

व्यक्तिगत जीवन 
अल्मोड़ा सीट से भाजपा के उम्मीदवार अजय टम्टा का जन्म 16 जुलाई 1972 को हुआ। उनके पित का नाम स्व. मनोहर टम्टा है। उनकी शैक्षणिक योग्यता इंटर है। इसके साथ ही उनका विवाह सोनल टम्टा से हुआ। 

राजनीतिक जीवन 
टम्टा ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत जिला पंचायत सदस्य से की। जिले के तल्ला तिखून से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इसके बाद साल 2002 में अजय टम्टा को भाजपा से टिकट ना मिलने पर उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। 2007 में भाजपा ने अजय टम्टा को सोमेश्वर विधानसभा से अपना उम्मीदवार बनाया।

वहीं टम्टा इस सीट से चुनाव जीतकर खंडूरी सरकार में कैबिनेट मंत्री बने। 2012 में टम्टा ने फिर सोमेश्वर से विधानसभा का चुनाव जीता। बता दें कि साल 2014 में भाजपा ने उन्हें फिर लोकसभा में उम्मीदवार बनाया। टम्टा ने यहां से जीत हासिल कर 6 जुलाई 2014 को केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला।




 

Nitika