कोसी नदी संरक्षण अभियान को दूसरी बार मिला नेशनल अवार्ड

punjabkesari.in Friday, Nov 13, 2020 - 12:39 PM (IST)

 

नैनीतालः नदियों के पुनर्जनन, विकास और संरक्षण के मामले में उत्तराखंड के कोसी अभियान को दूसरी बार राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के इस ड्रीम प्रोजेक्ट अल्मोड़ा के कोसी पुनर्जनन अभियान को नार्थ जोन कैटेगरी में प्रथम पुरस्कार दिया गया है।

यह जानकारी अल्मोड़ा के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने दी है। उन्होंने बताया कि यह पुरस्कार नेशनल वाटर अवार्ड-2019 के लिए दिया गया है। पिछले साल फरवरी में भी केन्द्र सरकार की ओर से कोसी पुनर्जनन अभियान को प्रथम पुरस्कार दिया गया था। भदौरिया ने बताया कि कोसी पुनर्जनन अभियान मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत की महात्वकांक्षी परियोजना है और नदियों के संरक्षण व संवर्द्धन के मामले में किए गए अभिनव प्रयोगों के लिए यह पुरस्कार दिया गया है। दिल्ली में 11 एवं 12 नवंबर को आयोजित वर्चुअल समारोह में द्वितीय नेशनल वाटर अवार्ड घोषित किए गए हैं।

यह पुरस्कार भारत के उपराष्ट्रपति एम वैंकया नायडू, केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावल, केन्द्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री रतन लाल कटारिया तथा जल शक्ति मंत्रालय में सचिव यूपी सिंह की उपस्थिति में घोषित किए गए। भदौरिया ने बताया कि इस अभियान में मुख्य रूप से एनआरडीएमएस के प्रोफेसर जेएस रावत, मुख्य विकास अधिकारी मनुज गोयल, वन संरक्षक प्रवीण कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव, जिला विकास अधिकारी केके पंत के अलावा 14 रिचार्ज जोन के नोडल अधिकारियों, संबंधित ग्राम प्रधानों व वहां के ग्रामीणों का अहम योगदान रहा है। उन्होंने इस अभियान की सफलता व दूसरी बार मिल रहे पुरस्कार के लिए सभी को हार्दिक बधाई दी है।

बता दें कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में अल्मोड़ा जनपद में कोसी नदी पुनर्जनन अभियान की शुरूआत की गई थी। मुख्यमंत्री की अगुवाई मे इस अभियान के तहत कोसी नदी के कैंचमेंट क्षेत्र में एक घंटे में 1,67,755 पौधों का रोपण किया गया था। जो कि एक रिकार्ड था। इस वृहद अभियान को लिमका बुक आफ रिकार्ड में भी दर्ज किया गया था। उत्तराखंड भाजपा के नैनीताल के सांसद अजय भट्ट ने इसे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया और कहा कि त्रिवेन्द्र सरकार राज्य में नदियों के संरक्षण व विकास के लिए बेहतरीन तरीके से कार्य कर रही है। इस अभियान से जहां राज्य का विकास होगा, वहीं आम लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static