उत्तराखंडः भारी बारिश के कारण मसूरी में भूस्खलन, यातायात हुआ बाधित

punjabkesari.in Wednesday, Jul 04, 2018 - 12:47 PM (IST)

मसूरीः उत्तराखंड में मानसून का दौर शुरू होते ही जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इसी के चलते पहाड़ी इलाकों में भी लगातार बारिश के कारण भूस्खलन होना शुरू हो गया है। 

पर्यटक वाहन हुआ क्षतिग्रस्त 
जानकारी के अनुसार, मसूरी शहर में बारिश के कारण भूस्खलन हुआ है। शहर के विभिन्न मार्गों पर मलबा आने के कारण यातायात बाधित हो गया है। मसूरी के पिक्चर पैलेस से लंढौर रोड में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के गेस्ट हाउस मे भारी पुश्ता गिरने से एक पर्यटक वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। भूस्खलन के कारण पर्यटकों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा हैं। 

भूस्खलन से हेमकुंड यात्रा मार्ग बाधित 
मसूरी, बद्रीनाथ और केदारनाथ रूट के साथ-साथ पिथौरागढ़ में भी भूस्खलन हो गया है। इसके साथ-साथ हेमकुंड साहिब के रास्ते में पड़ने वाले गांवों में भी भारी मात्रा में भूस्खलन हुआ है। हेमकुंड साहिब मार्ग पर स्थित पुलना गांव में भारी बारिश के कारण भारी मलबा गांव में घुस आया है। 

भूस्खलन के कारण घरों में घुसा मलबा 
हेमकुंड मार्ग पर लगातार बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। इससे किसी प्रकार का कोई जान का नुकसान नहीं हुआ लेकिन कुछ घरों में मलबा घुस गया है। वहीं कुछ यात्रियों के वाहन भी दलदल में फंस गए हैं। बता दें कि राज्य के पहाड़ी इलाकों पर लगातार बारिश के कारण पहाड़ खिसक रहे हैं। 

Nitika