हांगकांग में तैयार हुआ केदारनाथ पर बना लेजर शो: मुख्यमंत्री

punjabkesari.in Monday, Apr 23, 2018 - 10:38 AM (IST)

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत राजपुर रोड स्थित स्वामी रामतीर्थ आश्रम में बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति और शुभ मंगल चारधाम, उत्तराखंड सेवा समिति की ओर से आयोजित सुंदरकांड पाठ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि बद्री-केदार यात्रा के सफल आयोजन और चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की मनोकामना पूरी हो, इस कामना से सुंदरकांड पाठ का आयोजन अच्छी पहल है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि कपाट खुलने के मौके पर केदारनाथ में जो लेजर शो दिखाया जाएगा, वह हांगकांग में तैयार किया गया है। यह शो केदारनाथ के प्रादुर्भाव और अब तक के इतिहास पर आधारित है। किसी की धार्मिक भावना को कोई ठेस ना पहुंचे इसके लिए शो को धार्मिक जानकारों को दिखाकर पास करवाया गया है।

त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं को राज्य में आवागमन और रहने की उचित व्यवस्था हो, इसके लिए राज्य सरकार प्रयासरत है। केदारनाथ और यमुनोत्री के पैदल यात्रा मार्गों पर प्रत्येक एक किलोमीटर पर डॉक्टरों की व्यवस्था की जाएगी। इस बार केदारनाथ का पूरा इतिहास 25-25 मिनट के लेजर शो के माध्यम से दिखाया जाएगा। यह लेजर शो 28 अप्रैल से 5 मई तक दिखाया जाएगा। अभी तक हमारे देश में कभी ऐसा शो नहीं हुआ है।

सीएम ने कहा कि चारधाम यात्रा के लिए अधिक से अधिक श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखंड आएं। इसके लिए राज्य सरकार यात्रा को और सुगम बनाने के लिए प्रयासरत है।


 

Punjab Kesari