लोकसभा चुनावः BJP ने जारी की 40 स्टार प्रचारकों की सूची, PM मोदी सहित कई बड़ी हस्तियां शामिल

punjabkesari.in Sunday, Mar 24, 2019 - 01:12 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड में लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा ने पांचों सीटों पर उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही पार्टी ने अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी कर दी है। भाजपा की इस स्टार प्रचारकों की सूची में पीएम मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित कई बड़ी हस्तियां शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड में लोकसभा चुनावों के प्रचार-प्रसार के लिए स्टार प्रचारकों की सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सहित कई नेताओं के द्वारा जन सभाएं और रोड शो किए जाएंगे। इसके साथ ही स्टार प्रचारकों की सूची में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट सहित राज्य सरकार के कई मंत्री और नेता भी शामिल हैं।

स्टार प्रचारकों की सूची में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद बीसी खंडूड़ी और भगत सिंह कोश्यारी, डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व सीएम विजय बहुगुणा का भी नाम शामिल है। इसके अतिरिक्त राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी, कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत, मदन कौशिक, यशपाल आर्या, हरक सिंह रावत, सुबोध उनियाल, अरविंद पांडेय, रेखा आर्या, डॉ. धन सिंह रावत को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है।

वहीं भाजपा के लिए केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली, निर्मला सीतारमण, उमा भारती और स्मृति ईरानी भी चुनाव प्रचार करेंगे। इसके साथ ही उत्तराखंड में भाजपा के पक्ष में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी चुनावी सभाएं करेंगे।

बता दें कि भाजपा ने निर्वाचन आयोग को 40 स्टार प्रचारकों की सूची सौंप दी है। इसके साथ ही केंद्रीय नेतृत्व ने भी पार्टी से 28 मार्च से लेकर 17 मई के बीच प्रचार के लिए कार्यक्रम देने की अपेक्षा की है।
 

Nitika