मदन कौशिक का AAP पर हमला- केजरीवाल पहले पूरे करें दिल्ली के वादे

punjabkesari.in Wednesday, Sep 22, 2021 - 04:07 PM (IST)

 

नैनीतालः भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने आम आदमी पार्टी (आप) पर हमला बोलते हुए कहा कि केजरीवाल सरकार पहले दिल्ली में किए वादोें को पूरा करें और उत्तराखंड के बजाय दिल्ली की बेरोजगारी दूर करें।

मदन कौशिक ने यह भी कहा कि उत्तराखंड की जनता कोरी घोषणाओं में आने वाली नहीं है। उन्होंने आने वाले चुनाव में 60 सीटें जीतने का वादा किया। हल्द्वानी के दौरे पर आए भाजपाध्यक्ष ने एक निजी होटल में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने आप को तवज्जो न देते हुए बिना उसका नाम लिए कहा कि एक दल चुनावों को लेकर अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले वह दिल्ली की बेरोजगारी और बदहाल स्वास्थ्य सुविधायें को ठीक करे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता बहुत समझदार है और कोरी घोषणाओं में आने वाली नहीं है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि भाजपा समूह ग और घ के पदों पर स्थानीय युवाओं को 80 प्रतिशत के बजाय 100 फीसदी नियुक्ति दे रही है। मदन कौशिक ने इस दौरान कांग्रेस पर भी तंज कसा और कहा कि प्रदेश में विपक्ष नेतृत्वविहीन है। जनता के सरोकार के बजाय उसमें नेतृत्व को लेकर सिरफुटव्वल चल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बेहतरीन कार्य कर रही है। अवस्थापना सुविधाओं को मजबूत किया गया है। युवाओं एवं महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए कई योजनाएं संचालित की गई हैं। 1 रुपए में नल एवं जल देने को उन्होंने ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि पहली बार देश में ऐसी पहल हुई है।

अटल आयुष्मान योजना के तहत प्रदेश की जनता को 5 लाख रुपए का मुफ्त उपचार की सुविधा मिली है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा मजबूत संगठन होने के साथ साथ प्रदेश में युवा नेतृत्व प्रदान कर रही है। इसलिए भाजपा मिशन 2022 को फतह करने के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले चुनाव में भाजपा को 57 सीटें मिली थीं लेकिन इस बार उसका नारा 60 के पार का है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी में अनुशासनहीनता के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने हाल ही में हुई बयानबाजी को गलत बताया। उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा की बैठक में बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की प्रमुख भूमिका है। उनकी सरकार की ओर से महिलाओं के लिए कई जनकल्याणकारी कार्य किए गए हैं। सरकार महिलाओं की जनकल्याणकारी कार्यों को लेकर चुनाव में भागीदार करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static