बजट पेश करने के दौरान त्रिवेंद्र ने सदन को किया संबोधित, की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं

punjabkesari.in Friday, Mar 05, 2021 - 11:58 AM (IST)

 

भराड़ीसैंणः उत्तराखंड की वर्तमान सरकार के अंतिम बजट को पेश करने के दौरान सदन को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री का कार्यभार संभालने वाले मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गैरसैंण को उत्तराखंड में एक नई कमिश्नरी (मंडल मुख्यालय) बनाया जाएगा। इसमें चमोली, रूद्रप्रयाग, अल्मोड़ा और बागेश्वर जिलों को शामिल किया जाएगा। गैरसैंण कमिश्नरी में कमिश्नर एवं डीआईजी की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने नई बनाई गई 3 नगर पंचायतों में इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के लिए 1-1 करोड़ रूपए दिए जाने की घोषणा की।

वहीं त्रिवेंद्र ने कहा कि भराड़ीसैंण (गैरसैंण) ग्रीष्मकालीन राजधानी क्षेत्र के नियोजित विकास के लिए मास्टर प्लान का टेंडर 1 महीने के भीतर निकाला जाएगा और गैरसैंण ग्रीष्माकालीन राजधानी परिक्षेत्र में खाद्य प्रसंस्करण इकाई की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि गैरसैंण ग्रीष्माकालीन राजधानी परिक्षेत्र में 20 हजार फलदार पेड़ लगाए जाएंगे। साथ ही, राज्य के प्रत्येक महाविद्यालय को 20-20 कम्यूटर दिए जाएंगे।
 

Content Writer

Nitika