राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने धनतेरस व दीपावली की राज्यवासियों को दी हार्दिक बधाई

punjabkesari.in Friday, Nov 13, 2020 - 11:29 AM (IST)

 

देहरादूनः उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल सहित विभिन्न राजनेताओं ने धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज की राज्यवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

राज्यपाल ने कहा कि इस त्योहार पर हम सभी अपने परिवार में आरोग्यता के लिए पूजन अर्चन करते हुए परिवार की खुशहाली और उन्नति की कामना करते है। सभी लोग बाजारों से वस्त्र, आभूषण एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीददारी भी करते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इन त्यौहारों में स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय उत्पादकों द्वारा उत्पादित वस्तुओं की खरीददारी अवश्य करें। इससे स्थानीय अर्थ व्यवस्था को बल मिलेगा। उन्होंने इस अवसर पर राज्यवासियों की खुशहाली और कोरोना से शीघ्र राहत प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है।

वहीं मुख्यमंत्री ने धनतेरस पर प्रदेशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि धनतेरस पर आरोग्यता के देव भगवान धन्वंतरी की पूजा का भी महत्व है। भगवान धन्वंतरी हम सबके जीवन में सुख-समृद्धि एवं आरोग्यता प्रदान करें। प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने बधाई संदेश में कहा कि धनतेरस से दीपावली पर्व की शुरुआत हो जाती है। इस दिन धन, समृद्धि और ऐश्वर्य के लिए धन के देवता कुबेर के साथ भगवान धन्वंतरि की पूजा की जाती है। उन्होंने राज्यवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि धनतेरस का त्यौहार सबके जीवन में खुशहाली और आरोग्य लेकर आए।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वंसीधर भगत ने कहा कि स्वस्थ जीवन और समृद्वि के देव कुबेर के इस दिन सभी राज्यवासी प्रसन्न रहें, इसकी कामना करता हूं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आरोग्यता और समृद्वि का यह पावन दिन प्रत्येक परिवार को सम्पन्न बनाए, यह कामना है।

Nitika