रुड़की के महापौर की BJP में वापसी, CM रावत एवं बंशीधर भगत ने दिलाई पार्टी की सदस्यता

punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2020 - 01:32 PM (IST)

 

देहरादूनः भाजपा से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़कर जीते रूड़की के महापौर गौरव गोयल को लगभग एक साल बाद रविवार को फिर पार्टी में शामिल कर लिया गया।

भाजपा अध्यक्ष बंशीधर भगत और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भाजपा मुख्यालय में एक कार्यक्रम में गोयल एवं रूड़की नगर निगम के 12 निर्दलीय पार्षदों को भाजपा की सदस्यता दिलाई। गोयल और 12 पार्षदों को भाजपा में शामिल करते हुए मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि राज्य के 8 नगर निगमों में से 5 में भाजपा ने विजय हासिल की थी लेकिन गौरव गोयल के पार्टी में शामिल होने से 8 में से 6 महापौर भाजपा के हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे राज्य में अब 75 प्रतिशत महापौर की सीट पर भाजपा का वर्चस्व हो गया है।

वहीं सीएम रावत ने कहा कि नगर निकाय स्वायत्त लघु सरकारें होती हैं, जो राज्य सरकारों को मजबूती प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि हमने राज्य को पूर्ण रूप से भ्रष्टाचार मुक्त सरकार दी है और आज प्रदेश तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि गोयल रुड़की के विकास के लिए पूरी तत्परता से कार्य करते रहेंगे और जन अपेक्षाओं को पूरा करेंगे।

बता दें कि इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष भगत ने महापौर गौरव गोयल का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि वह कुछ परिस्थितियों के कारण निर्दलीय चुनाव लड़े लेकिन उनके मुंह से कभी भाजपा के प्रति कोई अपशब्द या नकारात्मक टिप्पणी नहीं निकली। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उनके अच्छे सामंजस्य के परिणाम स्वरूप गोयल पुनः भाजपा में शामिल हुए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static