लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा हुई सक्रिय, पदाधिकारियों ने प्रदेश कार्यालय में की बैठक

punjabkesari.in Sunday, Dec 16, 2018 - 01:29 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड में लोकसभा की 5 सीटें है और सभी सीटों पर भाजपा का कब्जा है। 2019 में होने वाले लोकसभा चुनावों में भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसके साथ ही भाजपा ने आने वाले दिनों के लिए बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर कई कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली है। इसी के चलते शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय, मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित कई नेता और कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।

भाजपा ने की गढ़वाल मंडल की बड़ी बैठक
जानकारी के अनुसार, भाजपा ने अभी से ही लोकसभा चुनावों की तैयारियों को धरातल पर उतारने की कवायद शुरू कर दी है। पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय को लोकसभा चुनावों के लिए उत्तराखंड भाजपा की प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। सरोज पांडेय ने उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल की समीक्षा की और उसके बाद गढ़वाल मंडल के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बूथ मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके साथ ही बैठक में यह भी चर्चा की गई कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा उत्तराखंड के पदाधिकारियों को दिए गए 23 विभिन्न बिंदुओं पर अब तक कितना काम किया गया है। सरोज पांडेय ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा लोकसभा चुनाव के लिए गम्भीरता के साथ काम कर रही है। हम पूरी तैयारी के साथ अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं।

लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर हुई चर्चा
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने आगामी कार्यक्रमों को लेकर कहा कि आने वाले दिनों के लिए उत्तराखंड भाजपा बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर तक कार्यक्रम तय कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 17 से 19 दिसंबर तक सभी मंडलों की बैठक होगी। इसके बाद 20 से 24 दिसंबर तक सभी शक्ति केंद्रों की बैठक होगी और 25 दिसंबर को सुशासन दिवस मनाया जाएगा। इसके साथ ही वाल राइटिंग करके कार्यकर्ता सेल्फी भी लेंगे। हर बूथ पर 5 कमल के फूल बनाे जाएंगे। वहीं 26 दिसंबर से 5 जनवरी तक बूथों पर बैठक होगी। इसके साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा दिए गए 23 बिंदुओं के अनुपालन की समीक्षा भी होगी।

Nitika