विधायक जोशी ने की गृहमंत्री राजनाथ से मुलाकात

punjabkesari.in Saturday, Sep 30, 2017 - 01:17 PM (IST)

देहरादून: उत्तराखंड में भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने मसूरी विधायक गणेश जोशी के नेतृत्व में केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान विधायक जोशी ने केन्द्रीय गृह मंत्री को बाबा केदार की अनुकृति भेंट की।

केन्द्र में गृह मामलों के मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यकर्त्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि केन्द्र एवं राज्य में भाजपा की सरकारें हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारों द्वारा जनहित में अनेकों कार्य किए गए हैं, जिससे जनता को सीधा-सीधा लाभ मिलता है। उन्होंने कार्यकर्त्ताओं से आह्वान किया कि दोनों सरकारों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं। केन्द्रीय मंत्री ने भाजपा कार्यकर्त्ताओं को मंत्र देते हुए कहा कि हमें यह भी प्रयत्न करना चाहिए कि जनता की छोटी-मोटी समस्याओं का त्वरित गति से समाधान हो सके।

विधायक गणेश जोशी ने केन्द्रीय गृह मंत्री द्वारा मसूरी के भाजपा कार्यकर्त्ताओं को समय दिए जाने पर आभार प्रकट किया। विधायक जोशी ने मसूरी के पर्यटन को देखते हुए अमृत योजना के तहत शहर को लाभान्वित करने की मांग भी केन्द्रीय मंत्री से की। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, महामंत्री कुशाल राणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष रूप सिंह कठैत, मदन मोहन शर्मा, बादल प्रकाश, विजय रमोला, नरेश आनन्द आदि उपस्थित थे।