मोदी ने रूद्रपुर बेकरी ग्रोथ सेंटर की महिलाओं से किया संवाद, महिलाओं को बताया प्रेरणास्रोत

punjabkesari.in Friday, Aug 13, 2021 - 10:43 AM (IST)

 

नैनीतालः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की विभिन्न प्रांतों की आत्मनिर्भर नारी शक्ति के साथ ही उत्तराखंड के रूद्रपुर स्थित बेकरी ग्रोथ सेंटर की महिलाओं से गुरुवार को सीधा संवाद किया और महिलाओं की हौसले की तारीफ की। पीएम मोदी ने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तीकरण में कारगर साबित हो रहे हैं।

वीडियो कान्फ्रेसिंग के जरिए रूबरू होते हुए प्रधानमंत्री ने महिलाओं से उनके सामाजिक जीवन में आए बदलाव पर भी बातचीत की और पूछा कि इससे उनके जीवन पर क्या प्रभाव पड़ा है। उन्होंने बेकरी ग्रोथ सेंटर की संचालिका चंद्रमणि दास से रूबरू होते हुए सेंटर की उपलब्धि की जानकारी ली। दास ने प्रधानमंत्री को बताया कि सेंटर में 35 महिलाएं काम कर रही हैं। इस समूह को दस लाख से अधिक का लाभ हुआ है। कोविड महामारी के दौरान भी सेंटर की महिलाओं द्वारा लाभ अर्जित किया गया। इस दौरान समूह की महिलाओं ने 88000 मंडुवे के बिस्कुट पैकेट तैयार किए, जिससे सेंटर का टर्न ओवर 89,32,000 रुपए पहुंच गया है। उन्होंने सेंटर की महिलाओं को ऑनलाइन माध्यम से व्यापार को बढ़ाने और लाभ कमाने के लिए भी प्रेरित किया। प्रधानमंत्री ने महिलाओं के हौसले की तारीफ करते हुए कहा कि आप देश की महिलाओं के लिये प्रेरणास्रोत हैं।

सरकार भी महिलाओं समूहों की मदद के लिए हर संभव तैयार है। उन्होंने महिलाओं से कहा कि अपने अपने क्षेत्र में काम करने के साथ ही समाज में स्वच्छता, कुपोषण, शिक्षा एवं आजीविका के क्षेत्र में कुछ नया कार्य करें, जिससे समाज में बदलाव आ सके। जिलाधिकारी रंजना राजगुरू ने बताया कि प्रधानमंत्री के इस कदम से सेंटर की महिलाएं उत्साहित हैं और इससे अन्य स्वयं सहायता समूहों का भी हौसला बढ़ा है और वह भी अच्छा काम करने को प्रेरित हुए हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static