बेटे के निधन पर मां का खुलासा- राजनीति में करियर न बन पाने के कारण डिप्रेशन का शिकार हो गए थे रोहित

punjabkesari.in Wednesday, Apr 17, 2019 - 05:54 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी के बेटे रोहित शेखर तिवारी का मंगलवार को निधन हो गया। बेटे के निधन पर मां उज्ज्वला ने खुलासा करते हुए बताया कि पॉलिटिकल करियर न बन पाने के कारण उनका बेटा डिप्रेशन का शिकार हो गया था, जिसके चलते उनका निधन हो गया।

जानकारी के अनुसार, मां उज्जवला ने कहा कि उनके बेटे का निधन स्वाभाविक है। इसके पीछे किसी तरह की कोई साजिश नहीं है। उन्होंने कहा कि रोहित बहुत सुलझे और अच्छे इंसान थे। मां उज्जवला ने कहा कि रोहित ने अपने पिता की बहुत सेवा की लेकिन इतनी छोटी उम्र में वह चले गए। इस पर उन्हें भी विश्वास नहीं हो रहा है। वहीं रोहित के शव को एनडी तिवारी के सरकारी आवास तिलक लेन पर रखा गया है। इसके साथ ही 5 डॉक्टरों के पैनल ने रोहित के शव का पोस्टमॉर्टम किया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो पाएगी।

बता दें कि मंगलवार को अचानक रोहित के नाक से खून बहने लगा। उन्हें साकेत मैक्स अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिछले साल ही उनके पिता एनडी तिवारी का लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया था। रोहित अपनी पत्नी अपूर्वा और मां के साथ साउथ दिल्ली की डिफेंस कॉलोनी में रहते थे। वह 11 महीने पहले विवाह के पवित्र बंधन में बंधे थे लेकिन पहली सालगिरह से पहले ही अपनी पत्नी का साथ छोड़ गए।

Nitika