अरुण जेटली के निधन पर उत्तराखंड में शोक की लहर, एक दिन का राजकीय शोक घोषित

punjabkesari.in Sunday, Aug 25, 2019 - 12:22 PM (IST)

देहरादूनः पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली के निधन की खबर से उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई है। अरुण जेटली के निधन पर भाजपा ने अपने सभी कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया है। इसके साथ ही राज्य सरकार ने रविवार को एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। राज्य में राजकीय शोक के दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और कोई शासकीय मनोरंजन के कार्यक्रम आयोजन नहीं किया जाएगा। 

अरुण जेटली के निधन पर कई नेताओं ने व्यक्त किया दुख 
जानकारी के अनुसार, अरुण जेटली के निधन पर राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट सहित विभिन्न राजनीतिक दलों ने दुख व्यक्त किया है। राज्यपाल ने गहरी दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री को प्रभावशाली प्रशासक, सर्वश्रेष्ठ वक्ता और प्रख्यात कानूनविद बताया। इसके साथ ही विधानसभा अध्यक्ष ने दुख ने व्यक्त करते हुए कहा कि देश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। वह लोकतांत्रिक मूल्यों को संरक्षित करने को अडिग रहे। उनका राजनीतिक जीवन एक विजयी योद्धा जैसा था। उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। मैं दिवंगत आत्मा के प्रति शोक संवेदना प्रकट करता हूं। 

अरुण जेटली के निधन पर BJP ने स्थगित किए सभी कार्यक्रम 
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि देश और भाजपा को अपूरणीय क्षति हुई है। वे दृढ़ निश्चय के व्यक्ति थे और वित्त मंत्री के तौर पर उनके कार्यकाल में नोटबंदी, जीएसटी और बैंकों के विलय जैसे साहसिक और बड़े फैसले लिए गए। उनका उत्तराखंड से गहरा लगाव था। उनकी कमी शायद ही पूरी हो पाएगी लेकिन उनके आदर्श और विचार हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।

बता दें कि पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली का निधन शनिवार दोपहर 12 बजकर 7 मिनट पर एम्स में हो गया। उनका पिछले कुछ सप्ताह से एम्स में इलाज चल रहा था। वह 9 अगस्त को एम्स में भर्ती हुए थे।
 

Nitika