खुशखबरीः नगर निगम कर्मियों को मिला 7वां वेतनमान

punjabkesari.in Friday, Nov 24, 2017 - 11:09 AM (IST)

देहरादून: 7वें वेतनमान की मांग को लेकर नगर निगम में हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों के आगे आखिरकार सरकार को झुकना पड़ा है। गुरुवार को विधानसभा स्थित कक्ष में शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक से कर्मचारी नेताओं की मुलाकात हुई। मंत्री ने कर्मचारियों के 7वें वेतनमान संबंधी मांग को तत्काल अनुमोदित कर दिया। देर शाम तक इस पर शासनादेश भी जारी किए जाने की उम्मीद है।

उधर, सरकार द्वारा मांग माने जाने के बाद कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। नगर विकास कर्मचारी संघ ने मामले में महापौर विनोद चमोली से मुलाकात कर उनका आभार जताया। 7वें वेतनमान की मांग को लेकर पिछले 2 दिनों से नगर निगम कर्मचारी हड़ताल पर थे। इस दौरान कूड़ा उठाने से लेकर निगम के रोजाना के कामकाज पूरी तरह से ठप्प कर दिए गए थे, जिस कारण लोगों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। 

इस बीच गुरुवार सुबह कर्मचारी अध्यक्ष नाम बहादुर की अगुवाई में कर्मचारी विधानसभा स्थित कक्ष में पहुंचे जहां मंत्री मदन कौशिक ने कर्मचारियों की मांग को जायज ठहराते हुए तत्काल फाइल को अनुमोदित कर दिया। नाम बहादुर ने बताया कि शाम तक शासनादेश भी जारी हो जाएगा। कर्मचारियों ने मामले में निगम पहुंचकर महापौर विनोद चमोली को बुके भेंट कर उनका आभार प्रकट किया।