नैनीतालः अंतिम संस्कार से लौट रहे लोगों का वाहन दुर्घटनाग्रस्त, 3 लोगों की मौत

punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2020 - 04:15 PM (IST)

नैनीतालः उत्तराखंड के नैनीताल में शुक्रवार देर रात अंत्येष्टि में शामिल होकर वापस घर लौट रहे लोगों का वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें बागेश्वर के तीन लोगों की मौत हो गई है।

जानकारी के अनुसार, खैरना पुलिस चैकी की प्रभारी आशा बिष्ट ने बताया कि दुर्घटना रात को लगभग साढ़े ग्यारह बजे हुई है। मृतक बागेश्वर जनपद के थरप गांव के निवासी था। बताया जा रहा है कि सभी हल्द्वानी के चित्रशिला घाट से उसकी अंत्येष्टि में शामिल होकर वापस बागेश्वर लौट रहे थे। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुयालबाड़ी के पास उनका वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 150 से 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में तीन लोग धीरेन्द्र नगरकोटि, मोहन सिंह और हीरा प्रकाश नगरकोटि सवार थे। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रबंधन बल एवं क्वारब चौकी की पुलिस की ओर से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।

इसी दौरान मृतकों के परिचित अन्य लोग भी मौके पर जुट गये। वे भी अन्य वाहनों से इनके साथ बागेश्वर लौट रहे थे। रात के अंधेरे में बारिश के बीच ही सभी ने मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। आखिरकार दो लोगों के शव रात को ढूंढ लिए गए थे जबकि हीरा प्रकाश नगरकोटि लापता थे। वहीं शनिवार सुबह परिजनों की ओर से मौके पर पुन: ढूंढखोज की गई। उन्हें लापता हीरा प्रकाश का शव कोसी नदी के किनारे पड़ा दिखाई दिया। एसडीआरएफ को मौके पर बुलाया गया और तीसरे शव को भी नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस पंचनामा भरने के साथ ही अन्य कार्यवाही में जुट गयी थी।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Diksha kanojia

Recommended News

Related News

static