11 दिन बाद हल्के वाहनों के लिए खुला नैनीताल-भवाली मार्ग, भारी भूस्खलन के चलते किया गया था बंद

punjabkesari.in Wednesday, Aug 10, 2022 - 12:41 PM (IST)

 

नैनीतालः भारी भूस्खलन के चलते बंद नैनीताल-भवाली राज्य मार्ग मंगलवार को यातायात के लिए खुल गया है। फिलहाल हल्के वाहनों के लिए मार्ग को खोला गया है।

जिलाधिकारी धीरज सिंह गर्ब्याल की ओर से यह जानकारी दी गई। सुरक्षा के लिहाज से शाम साढ़े 6 बजे से सुबह साढे़ 5 बजे तक इस मार्ग पर वाहनों को लिए प्रतिबंधित किया गया है। मार्ग पर निर्माण कार्य लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि अभी इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। जल्द ही मार्ग को भारी वाहनों के लिए भी खोल दिया जाएगा।

वहीं पहाड़ी दरकने से यह राज्य मार्ग विगत 30 जुलाई को यातायात के लिए बंद हो गया था। यहां सड़क का बड़ा हिस्सा भी ढह गया था। इससे पहाड़ों की ओर जाने वाला यातायात बाधित हो गया था। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से पहले दिन से ही मार्ग को खोलने के लिए युद्धस्तर पर कार्य संचालित किया गया।
 

Content Writer

Nitika